?php echo do_shortcode('[t4b-ticker]'); ?
A2Z सभी खबर सभी जिले की

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत राष्ट्रीय बालिका दिवस कार्यक्रम का भव्य शुभारम्भ l

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत राष्ट्रीय बालिका दिवस कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ
गया, दिनांक 20 जनवरी 2026 —
भारत सरकार एवं बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के अंतर्गत आज दिनांक 20 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय बालिका दिवस कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम 20 जनवरी 2026 से 24 जनवरी 2026 तक निरंतर रूप से संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, रहिम बिगान, नगर प्रखंड, गया में किया गया।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर उपस्थित बालिकाओं, किशोरियों एवं महिलाओं को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बालिकाओं का सशक्तिकरण किसी भी समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। बेटियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं समान अवसर प्रदान कर ही एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। इस क्रम में बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के सशक्तीकरण, महिलाओं की सुरक्षा, बालिका शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वावलंबन तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों द्वारा बालिकाओं को सरकारी योजनाओं जैसे शिक्षा प्रोत्साहन, छात्रवृत्ति, कौशल विकास, स्वास्थ्य सेवाएं एवं सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के बारे में अवगत कराया गया, जिससे वे इन योजनाओं का लाभ लेकर अपने भविष्य को सुदृढ़ बना सकें।
इस अवसर पर बाल विवाह उन्मूलन को लेकर विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। वक्ताओं ने बाल विवाह के सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की तथा इसे समाज से समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी बालिकाओं, शिक्षिकाओं एवं प्रतिभागियों को बाल विवाह नहीं करने और न होने देने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बेटियों को शिक्षित एवं सशक्त बनाकर ही समाज में व्याप्त असमानताओं को समाप्त किया जा सकता है। राष्ट्रीय बालिका दिवस के इस दीर्घकालिक कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास करना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना तथा एक सुरक्षित, समान और समावेशी समाज की दिशा में निरंतर कार्य करना है।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास निगम के जयवंति सिन्हा, सुशांत आनन्द, आरती कुमारी, विशाल कुमार वर्मा,पिंटु कुमार,विद्यालय की प्रधानाध्यापिका, शिक्षिकाएं एवं बालिकाएं उपस्थित रहीं। सभी ने एक स्वर में बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

त्रिलोकी नाथ डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर गयाजी बिहार

वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़

Back to top button
error: Content is protected !!