A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

राजिम कुम्भ कल्प के मुख्य मंच पर आरू साहू की भव्य प्रस्तुति, ‘मेरा भारत का बच्चा जय-जय श्रीराम बोलेगा’ से गूंज उठा मंच आरु को सुनने उमड़ी भीड़, जमकर झूमे दर्शक


गरियाबंद, 09 फरवरी 2026/ राजिम कुम्भ कल्प 2026 के आठवें दिन मुख्य मंच पर बाल कलाकार आरू साहू की भव्य प्रस्तुति हुई, नवीन मेला मैदान “मेरा भारत का बच्चा-बच्चा जय-जय श्रीराम बोलेगा…” गाने से गूंज उठा। आरू साहू की झलक पाने मुख्य मंच श्रद्धालुओं व दर्शकों से खचाखच भरा रहा। “राम सिया राम जय-जय राम” से प्रस्तुति की शुरुआत करने वाली आरू साहू ने अपनी सधी हुई आवाज़, आत्मविश्वास और भावपूर्ण गायन से न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता, बल्कि जनप्रतिनिधियों को भी तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। भक्ति, लोकसंस्कृति और देशभक्ति के रंग में रंगी इस बाल कलाकार की प्रस्तुति से लोग सरोबार होते रहे। आठवें दिन मुख्य मंच पर कार्यक्रम की शुरूआत धमतरी के प्रसिद्ध कलाकार रूपेन्द्र साहू की रही। उन्होंने मां जगदम्बा का स्मरण करते हुए भक्ति गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जिससे दर्शक भक्ति-रस में डूब गए। इसके बाद “रि… रिलो… ” जैसे आदिवासी गीतों ने माहौल को पूरी तरह जीवंत कर दिया। “छम-छम बोले पांव के पैरी… ” और “जिंदगी के नहीं हे ठीकाना, लहरगंगा लें लेतें… ” जैसे गीतों पर दर्शक झूमते नज़र आए। इन प्रस्तुतियों ने न सिर्फ मंच को रोमांचित किया, बल्कि दर्शकों में भी नई ऊर्जा का संचार किया।
लोकसाधना की सुमधुर प्रस्तुतियाँ
इसके पश्चात लोकसाधना की कलाकार सावित्री कहार ने “गजानंद स्वामी चार भुजाधारी” और “चल न खेलेल जाबो गांजरकली” जैसे गीतों से खूब तालिया बटोरीं। वहीं “गोला रे गोला, बर्फ के गोला..”, “चिरईया ल के गोटी मारों..” और “कर्मा सुने ल चले आबे गा.. ” जैसे गीतों ने दर्शकों को मंच से बांधे रखा। लोकसाधना टीम द्वारा प्रस्तुत “छुनुर-छुनुर पैरी बाजे रे गोरी..” गीत ने भी दर्शकों से भरपूर मनोरजंन किया।

बाल कलाकार आरू साहू की प्रस्तुति ने बांधा समां
कार्यक्रम की अगली कड़ी में जब बाल कलाकार आरू साहू ने प्रस्तुति दी, तो पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उन्होंने अपनी पहली प्रस्तुति “राम सिया राम जय-जय राम…” से दर्शकों का दिल जीत लिया। “ओ मईया झूपत-झूपत महूं ल नाचई देबे…” गीत पर जोरदार तालियाँ गूंजीं। “मेरा भारत का बच्चा-बच्चा जय-जय श्रीराम बोलेगा…” गीत की प्रस्तुति ने लोगों से जयश्री राम के नारे लगाने पर मजबूर कर दिया दर्शक अपनी जगह पर ही जमकर थिरकने लगे। गीत पर राजिम विधायक रोहित साहू, साजा विधायक ईश्वर साहू सहित उपस्थित जनप्रतिनिधि भी हाथ उठाकर तालियां बजाने को मजबूर हो गए।

लोकनृत्य और शिवभक्ति से सजा मंच
इसके बाद आरू साहू ने दीपावली के अवसर पर होने वाले सुवा नृत्य, गौरी-गौरा और राउत नाचा की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं दुर्गेश तिवारी ने “सावन म शिव जी ल मनाबो…” गीत गाकर मंच और दर्शक दीर्घा को शिवमय बना दिया। आरू साहू की अगली प्रस्तुति “चना के दाल राजा, चना के दाल रानी…” पर दर्शक झूम उठे। उन्होंने पंथी नृत्य और “छोटे से श्याम कन्हैया..” की प्रस्तुति देकर दर्शकों से भरपूर स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त किया।
कलाकारों का सम्मान
कार्यक्रम के अंत में सभी कलाकारों का सम्मान राजिम विधायक रोहित साहू, साजा विधायक ईश्वर साहू एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया। कार्यक्रम का सफल संचालन किशोर निर्मलकर, निरंजन साहू एवं मनोज सेन ने किया।

Back to top button
error: Content is protected !!