
दुद्धी सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_यूपी बोर्ड परीक्षा के पाँचवें दिन सायंकालीन पाली में इंटरमीडिएट जीव विज्ञान एवं गणित विषय की परीक्षा के दौरान दुद्धी क्षेत्र में प्रशासनिक सक्रियता चरम पर रही। सचल दल प्रभारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का ताबड़तोड़ औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर परीक्षा पूर्णतः शांतिपूर्ण, नकलविहीन एवं पारदर्शी वातावरण में संचालित होती पाई गई।
निरीक्षण के क्रम में टीम ने आदर्श इंटरमीडिएट कालेज महुली, शिवम इंटर कॉलेज महुली, जगदीश्वर इंटर कॉलेज जोरूखाड़, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी, राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी, सोनाचल इंटर कॉलेज दुद्धी तथा कल्पना विकास बालिका इंटर कॉलेज अमवार बघाडू का क्रमशः निरीक्षण किया। प्रत्येक केंद्र पर प्रवेश द्वार से लेकर परीक्षा कक्ष तक की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान परीक्षार्थियों की सघन तलाशी, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, उत्तरपुस्तिकाओं का सुरक्षित वितरण एवं संधारण, कक्ष निरीक्षकों की उपस्थिति तथा सीसीटीवी निगरानी प्रणाली की कार्यशीलता की विशेष रूप से जांच की गई। केंद्रों पर बैठने की समुचित व्यवस्था एवं अनुशासन की स्थिति संतोषजनक पाई गई।
निरीक्षण के उपरांत जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह ने कहा,
“बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। इसकी पवित्रता और निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। शासन एवं परिषद के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। सभी केंद्रों पर अब तक की व्यवस्थाएं अनुकरणीय एवं संतोषजनक पाई गई हैं। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में केंद्र व्यवस्थापकों और शिक्षकों की भूमिका सराहनीय है।”
उन्होंने आगे कहा कि सचल दल की निरंतर निगरानी से परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन और पारदर्शिता बनी हुई है तथा भविष्य में भी औचक निरीक्षण की यह प्रक्रिया जारी रहेगी, ताकि नकलविहीन परीक्षा की मंशा पूर्णतः सफल हो सके।
सचल दल की सक्रियता से परीक्षा केंद्रों पर गंभीरता और सजगता का वातावरण स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ। विद्यार्थियों ने शांत एवं व्यवस्थित माहौल में परीक्षा दी, वहीं अभिभावकों ने भी प्रशासनिक सख्ती की सराहना की।
इस प्रकार दुद्धी क्षेत्र के सभी परीक्षा केंद्रों पर इंटरमीडिएट जीव विज्ञान एवं गणित की परीक्षा कड़ी निगरानी, अनुशासन एवं पारदर्शिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई






