
बलरामपुर मंडल से आई राज्य समीक्षा मिशन (श्रम) टीम ने सोमवार को खुनियांव ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का निरीक्षण किया। टीम ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। एसआरएम टीम में शिवेंद्र त्रिपाठी और शुभेंदु शामिल थे।

उन्होंने खुनियांव अधीक्षक डॉ. पुलस्त्य यादव, बीसीपीएम महेंद्र कुमार और बीपीएम अरविंद त्रिपाठी के साथ गौरा बाजार, कटेश्वरनाथ और डडवा स्थित आरोग्य मंदिरों की जांचकी। निरीक्षण के दौरान सभी पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित पाया गया।
टीम ने ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, जांच कक्ष, प्रसव की स्थिति और पंजीकरण व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने मरीजों से सुविधाओं और उपचार के बारे में जानकारी ली। शुगर और बीपी के मरीजों की समस्याओं को भी सुना गया।
अभिलेखों के निरीक्षण के दौरान टीम ने संस्थागत प्रसव बढ़ाने के निर्देश दिए। यह भी कहा गया कि मरीजों को तुरंत जांच, उपचार के साथ दवाएं उपलब्ध कराई जाएं और किसी भी मरीज को दवा के लिए इंतजार न करना पड़े। एचआरपी (अति जोखिम गर्भवती) रजिस्टर की जांच के दौरान उनके टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाओं का अवलोकन किया गया।
टीम ने निर्देश दिए कि इनकी विशेष निगरानी की जाए, समय पर सभी जांचें कराई जाएं और उन्हें सरकारी अस्पताल में डिलीवरी के लिए जागरूक किया जाए। साथ ही, सरकारकी तरफ से मिल रही योजनाओं की जानकारी भी दी जाए। निरीक्षण के समय अर्चना, विशेष गौतम, सीमा पाण्डेय, पूजा, रेनू सहित संबंधित सीएचओ और एएनएम मौजूद रहीं।





