
चतरा के जंगलों में एयर एंबुलेंस क्रैश, 7 लोगों की मौत।।
“रांची से दिल्ली जा रहा मेडिकल विमान सिमरिया थाना क्षेत्र में गिरा”
रिपोर्टर/राशीद अंसारी
रांची। झारखंड के चतरा जिले से मंगलवार को एक दर्दनाक विमान हादसे की खबर सामने आई। रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली रेड बर्ड एविएशन कंपनी की एयर एंबुलेंस सिमरिया थाना क्षेत्र के खासियातू करम टांड़ के घने जंगलों में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में विमान में सवार सभी 7 लोगों की मौत हो गई।
उड़ान के कुछ देर बाद टूटा संपर्क
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेडिकल एयरक्राफ्ट ने रांची से दिल्ली के लिए टेकऑफ किया था। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान का संपर्क एटीसी से टूट गया और वह रडार से गायब हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सिमरिया के आसमान में विमान को असंतुलित अवस्था में देखा गया, जिसके बाद तेज धमाके के साथ वह जंगल क्षेत्र में जा गिरा।
दुर्गम क्षेत्र में चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही सिमरिया थाना पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके के लिए रवाना हुई। इलाका घना और दुर्गम होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। देर शाम तक मलबे से शवों को निकालने का कार्य जारी रहा।
विमान में सवार लोग
एयर एंबुलेंस में निम्न लोग सवार थे:
विवेक विकास भगत – पायलट
सबराजदीप सिंह – पायलट
संजय कुमार – मरीज
अर्चना देवी – परिजन
धूरू कुमार – परिजन
विकास कुमार गुप्ता – डॉक्टर
सचिन कुमार मिश्रा – नर्स
“प्रशासन ने सभी की मौत की पुष्टि की है।हादसे की जांच के आदेश।/”
प्रारंभिक आशंका तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को घटना की सूचना दे दी गई है और जांच प्रक्रिया शुरू की जा रही है।






