

महराजगंज।
महराजगंज में अवैध खनन पर बड़ा प्रहार, 24 वाहन सीज पुलिस एवं राजस्व प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से मचा हड़कंप –
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 7 लोडर, 2 जेसीबी मशीन तथा 2 डम्पर को सीज किया है।
मंगलवार को चलाए गए सघन अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में चिन्हित स्थानों पर चेकिंग, निगरानी और छापेमारी की कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम ने अवैध रूप से मिट्टी और बालू खनन तथा परिवहन में संलिप्त वाहनों को पकड़कर उनके दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान वाहन चालकों और स्वामियों से खनन अनुमति एवं परिवहन से संबंधित आवश्यक अभिलेख मांगे गए, लेकिन संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर सभी वाहनों को नियमानुसार सीज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
अभियान के दौरान नदी तटों, निर्माणाधीन क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि जनपद में अवैध खनन और अवैध परिवहन जैसी गतिविधियों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि अवैध खनन से न केवल राजस्व की क्षति होती है बल्कि पर्यावरण और कानून व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी को देखते हुए पूरे जनपद में लगातार अभियान चलाकर ऐसे तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने और अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस एवं प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध खनन, अवैध परिवहन या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल स्थानीय पुलिस या प्रशासन को सूचित करें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
[yop_poll id="10"]









