
अयोध्या
बीकापुर क्षेत्र के चौरे बाजार में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कपड़े की एक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगने की आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और दुकान में रखा कपड़ा व अन्य सामान जलकर राख हो गया।बताया जा रहा है कि चौरे बाजार निवासी व्यापारी बृजेश अग्रहरी की कपड़े की दुकान में यह हादसा हुआ। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास जारी है। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान से सामान निकालने का मौका तक नहीं मिल सका। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।









