
सागर।वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी,8225072664* नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने नगर पालिका मकरोनिया के अंतर्गत वार्ड क्रमांक-6 स्थित सद्भावना नगर में लगभग 12.96 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले बॉक्स कल्वर्ट (पुलिया) निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक लारिया ने कहा कि मकरोनिया आज योजनाबद्ध विकास और बेहतर नागरिक सुविधाओं के कारण जिले के अग्रणी नगरों में अपनी पहचान बना रहा है। सड़क, नाली, पुलिया, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। उन्होंने कहा कि मकरोनिया का विकास किसी एक दिन अथवा एक परियोजना का परिणाम नहीं है, बल्कि यह वर्षों से किए जा रहे सतत प्रयासों और जनसहयोग का प्रतिफल है। विगत दशकों में मकरोनिया ने एक विकसित उपनगर के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है और आज यह क्षेत्र तेजी से आधुनिक नागरिक सुविधाओं से सुसज्जित हो रहा है। विधायक लारिया ने कहा कि सद्भावना नगर में बनने वाली यह पुलिया क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता को पूरा करेगी। इससे आवागमन सुगम होगा, जल निकासी व्यवस्था में सुधार आएगा तथा स्थानीय नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी मकरोनिया क्षेत्र में विकास कार्यों की गति इसी प्रकार जारी रहेगी और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से इसे और अधिक व्यवस्थित, सुविधासंपन्न एवं प्रगतिशील नगर के रूप में विकसित किया जाएगा। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मिहीलाल, पार्षदगण, एल्डरमैन, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, मातृशक्ति, स्थानीय नागरिकगण तथा नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।










