सोनभद्र में विद्युत विभाग की घोर लापरवाही से जा रही मासूमों और संविदा कर्मियों की जान
सरचार्ज, महंगे स्मार्ट मीटर और भ्रष्टाचार से त्रस्त है आम जनता
वन्दे भारत न्यूज (सोनभद्र उत्तर प्रदेश)- अविनाश कुशवाहा, पूर्व विधायक रावर्टसगंज ने बिजली विभाग की घोर लापरवाही के चलने पडरछ में 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से 15 वर्षीय संदीप की मौत हो गई। जनता व पूर्व विधायक द्वारा काफी अक्रोश जताने के बाद जेई और एसडीओ पर मुकदमा दर्ज किया गया और तत्काल सघन अभियान चलाकर जर्जर तार और खंभे को बदलनेे की मांग की। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक/पूर्व जिलाध्यक्ष अविनाश कुशवाहा ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न उठाते हुए कहा कि विभाग की घोर लापरवाही के कारण आम जनता एवं संविदा कर्मियों की जान लगातार जोखिम में पड़ रही है। उन्होंने कहा कि आए दिन विद्युत विभाग में कार्यरत लाइनमैन तथा अन्य गरीब एवं मेहनतकश संविदा कर्मियों की जान जा रही है, लेकिन हर दुर्घटना के बाद केवल जांच और कार्रवाई का आश्वासन देकर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। उन्होंने कहा कि किसी भी दुर्घटना में संविदा कर्मी की मृत्यु होने पर उसका परिवार असहाय एवं बेसहारा हो जाता है, जबकि जिम्मेदार अधिकारी और सत्ता में बैठे लोग मौन साध लेते हैं। प्रदेश की जनता पहले से ही स्मार्ट मीटर, महंगी बिजली और बार-बार बढ़ते विद्युत शुल्क से परेशान है। वहीं विभागीय भ्रष्टाचार और लापरवाही के चलते बिजली के खंभों को मानकों के विपरीत सीधे मिट्टी में गाड़ दिया जाता है, जिसके कारण वे बारिश और तेज हवा में गिर जाते हैं और संपूर्ण विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो जाती है। कई बार ऐसे हादसों में लोगों की जान तक चली जाती है। श्री कुशवाहा ने कहा कि गरीब, मजदूर एवं किसानों से बिजली बिल वसूली के लिए विभाग अत्यधिक सक्रिय रहता है और एफआईआर तक दर्ज करा देता है, लेकिन जब जनता विद्युत संबंधी शिकायत करती है तो विभाग के अधिकारी उस पर ध्यान नहीं देते। उन्होंने बताया कि दिनांक 06 जून 2026 को ग्रामसभा पड़रच्छ के ग्रामीणों द्वारा समाधान दिवस में एक शिकायत पत्र दिया गया था, जिस पर संबंधित अधिकारियों ने एसडीओ पिपरी को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया था। इसके बावजूद अधिकारियों ने कोई संज्ञान नहीं लिया। जिले में विद्युत विभाग की लापरवाही से लगातार लोगों की जान जा रही है।



