A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेउत्तर प्रदेशमुरादाबाद

“गांव की समस्या-गांव में समाधान” के अंतर्गत आयोजित ग्राम चौपालों में जिलाधिकारी ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

लापरवाही पर लेखपाल को निलंबित करने और सार्वजनिक महत्व की भूमि के संरक्षण, विद्युत तारों की मरम्मत, स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

IMG 20260807 WA01752
ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनते जिलाधिकारी।

KANTH (MORADABAD)। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया एवं मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी की उपस्थिति में विकास खंड छजलैट के ग्राम मुंडाखेड़ी स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज और ग्राम फूलपुर मिठनपुर स्थित पंचायत भवन परिसर में ग्राम चौपालें आयोजित की गई। ग्राम मुंडाखेड़ी में आयोजित ग्राम चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा मौके पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

IMG 20260807 WA01262
ग्राम चौपाल में बोलते निवर्तमान विधायक राजेश कुमार सिंह उर्फ चुन्नू।

ग्राम चौपाल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं एवं संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील दत्त प्रजापति ने पशुपालन को किसानों की अतिरिक्त आय का महत्वपूर्ण साधन बताते हुए पशुओं को खुरपका-मुंहपका जैसी बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टीकाकरण के लिए 21 टीमें लगातार सक्रिय हैं।

जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ने फैमिली आईडी के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि राशन कार्ड धारकों के अतिरिक्त अन्य परिवारों के लिए फैमिली आईडी बनवाना आवश्यक है, जो भविष्य में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सहायक आयुक्त उद्योग ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की जानकारी देते हुए बताया कि 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से योजना के तहत 5 लाख रुपए तक के ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। सहायक श्रमायुक्त ने पंजीकृत श्रमिकों एवं उनके परिवारों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं आर्थिक लाभों की जानकारी दी। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषाहार वितरण तथा अति गंभीर कुपोषित बच्चों को कुपोषण से बाहर निकालने के लिए संचालित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) की जानकारी दी।

ग्राम चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार से फील्ड भ्रमण के दौरान की जाने वाली कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली। खाद के गड्ढों पर अतिक्रमण की शिकायतों के निस्तारण में लेखपाल एवं नायब तहसीलदार स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने एसडीएम कांठ को निर्देश दिए कि तहसील क्षेत्र में खाद के गड्ढों के लिए सार्वजनिक हित की भूमि सुरक्षित कराते हुए उनकी बाउंड्री कराई जाए। साथ ही डीपीआरओ को पूरे जनपद में सार्वजनिक महत्व की ऐसी भूमि के संरक्षण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लेखपाल द्वारा अपने पदीय दायित्वों में लापरवाही किए जाने पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही निलंबन के उपरांत उन्हें तहसील ठाकुरद्वारा से संबद्ध करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम को निर्देशित किया कि कोई भी लेखपाल अपने आवंटित राजस्व ग्राम से अधिकतम 08 किलोमीटर से अधिक दूरी पर रात्रि निवास न करें।

ग्राम सचिव से ग्राम कुल के गठन एवं विगत वर्षों में कराए गए विकास कार्यों के संबंध में जानकारी ली गई। ग्राम कुल के गठन में अपेक्षित कार्रवाई न किए जाने तथा ग्राम गजेटियर तैयार करने में रुचि न लेने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और डीपीआरओ को गंभीरता पूर्वक ग्राम कुलों का गठन कराने के निर्देश दिए। एडीओ आईएसबी द्वारा स्वयं सहायता समूहों की सक्रियता के संबंध में गलत जानकारी दिए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने नियमों के विरुद्ध संचालित समूहों की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा पेयजल की समस्या की शिकायत पर तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। खेत में ढीले विद्युत तारों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को निर्देश दिए कि आमजन एवं फसलों की सुरक्षा के दृष्टिगत ढीले तारों को यथाशीघ्र दुरुस्त कराया जाए तथा जर्जर तार पाए जाने पर उन्हें तत्काल बदलवाया जाए।

जिलाधिकारी ने ग्राम में सड़क निर्माण कार्य की स्थिति की पुष्टि की तथा प्राथमिक विद्यालय में सभी व्यवस्थाएं बेहतर रखने और बच्चों के नामांकन में वृद्धि के निर्देश दिए। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय के बाहर रैंप बनवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यवस्था की गई है, इसलिए सभी अभिभावक अपने बच्चों को विद्यालय में दाखिला जरूर दिलाएं। खाद वितरण में भेदभाव की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एआर कोऑपरेटिव को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निराश्रित महिला पेंशन न मिलने की शिकायत पर एडीओ समाज कल्याण को जांच कर पात्रता के अनुसार महिला को पेंशन सहित अधिकतम योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने जी राम जी के अंतर्गत जॉब कार्ड धारकों की संख्या की जानकारी लेते हुए अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निःशुल्क शिक्षा, निःशुल्क खाद्यान्न, पेंशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, पात्र लोगों को इन योजनाओं का लाभ हर हाल में मिलना चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शुक्रवार को हर विकास खंड की 02 ग्राम पंचायतों में ग्राम चौपाल आयोजित की जाएगी। जिसके लिए नोडल अधिकारी भी नामित होंगे। उन्होंने कहा कि ग्राम चौपाल के बाद अधिकारी गांव में सार्वजनिक महत्व की संपत्तियों का भी निरीक्षण करेंगे, जिससे सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

ग्राम चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी क्षेत्र में नियमित भ्रमण करते हुए शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं। इस दौरान जिलाधिकारी मुंडाखेड़ी गांव में संचालित प्राथमिक विद्यालय भी पहुंचे जहां उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई के बारे में बातचीत की और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को नामांकन बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम उठाने ने निर्देश दिए

इसके बाद जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय फूलपुर मिठ्ठनपुर का निरीक्षण करते हुए विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विद्यालय की बाउंड्रीवाल को ऊंचा कराने के निर्देश दिए। सभी विद्यालयों को सिंगल यूज प्लास्टिक एवं तंबाकू फ्री जोन बनाए जाने के संबंध में पूर्व में निर्देश जारी होने के बावजूद विद्यालय परिसर में सिंगल यूज प्लास्टिक पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में इन निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

उन्होंने विद्यालय में जर्जर फर्नीचर का नियमानुसार निस्तारण कराने तथा सभी अलमारियों को एक समान रंग में रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित हो। प्राथमिक विद्यालय में स्थित रसोईघर की छत की स्थिति का निरीक्षण करते हुए उसकी यथाशीघ्र मरम्मत कराने को कहा। विद्यालय के टॉयलेट की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाए जाने पर आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी फूलपुर मिठ्ठनपुर में आयोजित ग्राम चौपाल पहुंचे जहां उन्होंने ग्रामीणों से ग्राम की समस्याओं के बारे में पूंछा और ग्राम में सार्वजनिक महत्व की भूमि पर अवैध कब्जों के संबंध में भी लेखपाल से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लेखपाल राजस्व अभिलेखों के अनुसार सार्वजनिक उपयोग की जमीनों को सुरक्षित कराए।

इस दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर गांव की समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव को ग्राम कुल गठित करते हुए उनका व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं एवं गांव से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान किया जा सके। इस अवसर पर कांठ के निवर्तमान विधायक राजेश कुमार सिंह उर्फ चुन्नू, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शक्ति दुबे, एसडीएम कांठ स्निग्धा चतुर्वेदी, पीडी डीआरडीए श्वेतांक पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय एवं स्थानीय अधिकारी मौजूद रहे।

 

Repo: Pankaj Kumar, Kanth ✍️ 

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!