

*चालक बस लेकर फरार।
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के बीच शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। हरिद्वार के कांगड़ी फ्लाईओवर पर उत्तराखंड रोडवेज की बस की चपेट में आने से एक बाइक सवार कांवड़िये की मौत हो गई, जबकि उसके दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसा होते ही बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया।
पुलिस फरार बस चालक की तलाश कर रही है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हादसे के चलते कुछ समय के लिए कांगड़ी फ्लाईओवर पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन श्यामपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया। पुलिस मृतक और घायलों की पहचान कर रही है।






