
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा गढ़वा ✅ रमना प्रखंड के रोहिला एवं कर्णपुरा गांव में शुक्रवार को आयोजित झामुमो के ग्रामीण मिलन समारोह में भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के युवा नेता दीपक प्रताप देव ने पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही, वर्तमान विधायक अनंत प्रताप देव और झामुमो प्रखंड अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह पर जमकर जुबानी हमला बोला। उन्होंने क्षेत्र के विकास, रोजगार और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता को लेकर कई सवाल उठाए।

दीपक प्रताप देव ने कहा कि उन्होंने करीब 25 वर्षों तक संगठन के समर्पित कार्यकर्ता के रूप में काम किया और क्षेत्र के विकास की उम्मीद में दो नेताओं को विधायक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद जनप्रतिनिधि जनता की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके, जिसके कारण क्षेत्र में विकास की रफ्तार प्रभावित हुई है।
पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय तक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने के बावजूद बेरोजगारी, पलायन, सिंचाई, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी समस्याएं पूरी तरह दूर नहीं हो सकीं। वहीं, वर्तमान विधायक अनंत प्रताप देव को लेकर उन्होंने कहा कि कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने के बावजूद वे क्षेत्र की जनता के बीच अपेक्षित रूप से सक्रिय नजर नहीं आए।
उन्होंने विधायक मद से लगाए जा रहे चापाकलों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। दीपक प्रताप देव ने आरोप लगाया कि चापाकलों के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है तथा झामुमो प्रखंड अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह पर विधायक मद के चापाकलों की बिक्री कराने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान क्षेत्र में पावर प्लांट स्थापित कर स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का वादा किया गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। रोजगार के अभाव में क्षेत्र के युवा दूसरे राज्यों में पलायन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाहर मजदूरी करने गए कई परिवारों को अपने परिजनों के शव वापस मिलने जैसी दुखद परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है।
दीपक प्रताप देव ने कहा कि अब समय केवल नेतृत्व बदलने का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदलने का है। इसके लिए जनता को एकजुट होकर नया संकल्प लेना होगा। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में परिवर्तन के पक्ष में जनसमर्थन देने की अपील की।
सभा के दौरान ग्रामीणों ने भी बेरोजगारी, विकास कार्यों की धीमी गति, जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों ने दीपक प्रताप देव के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम में सुधीर सिंह, मानिक सिंह, आलम बाबू, ग्यासुद्दीन अंसारी, प्रमुख प्रतिनिधि चंदन मेहता, ठाकुर सतनारायण विभूति सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समर्थक मौजूद रहे।





