

कोतवाली देहात पुलिस ने कांवड़ियों के मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए आठ मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त दो बाइक बरामद की हैं। आरोपियों के खिलाफ आसपास के कई जनपदों में भी मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
गांव हैजरपुर, थाना चांदपुर निवासी निखिल कुमार ने छह अगस्त को कोतवाली देहात थाने में तहरीर देकर बताया था कि चोरों ने कोतवाली देहात चौराहे के पास कांवड़ियों के ट्रैक्टर पर चार्जिंग में लगे तीन मोबाइल फोन चोरी कर लिए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में जानकारी मिली। रविवार रात पुलिस ने सराय डंडूबर जाने वाले रास्ते पर स्थित आम के बाग से पांच आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजहर निवासी मोहल्ला मिलकियान, उजैर, अमन और अनस निवासी मोहल्ला राधागान तथा शाहखु निवासी मोहल्ला वलीपुर कस्बा व थाना किरतपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार अजहर के खिलाफ बिजनौर, मेरठ समेत अन्य स्थानों पर मुकदमे दर्ज हैं। उजैर के खिलाफ गौतमबुद्धनगर में गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे बताए गए हैं। वहीं शाहखु के खिलाफ मेरठ, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर और बिजनौर में मामले दर्ज हैं। अमन और अनस के खिलाफ भी कोतवाली देहात और नजीबाबाद थाने में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के आठ मोबाइल फोन और दो बाइक बरामद की हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



