
सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * सावन माह के पावन अवसर पर तुलसी फाउंडेशन द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली कावड़ यात्रा इस वर्ष भी श्रद्धा और भक्ति के साथ निकाली जाएगी। कावड़ यात्रा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में तुलसी फाउंडेशन कावड़ यात्रा के पदाधिकारियों ने मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत से मुलाकात कर उन्हें कावड़ यात्रा का आमंत्रण पत्र भेंट किया और यात्रा में शामिल होने के लिए विधिवत निमंत्रण दिया। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने तुलसी फाउंडेशन के पदाधिकारियों का आमंत्रण स्वीकार करते हुए कावड़ यात्रा के सफल आयोजन के लिए सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ की आराधना और मां नर्मदा के पवित्र जल से अभिषेक का यह धार्मिक आयोजन श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है। इस तरह के आयोजन हमारी सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को मजबूत करने के साथ समाज में एकता और सद्भाव की भावना को भी बढ़ाते हैं। राजपूत ने कावड़ यात्रा के आयोजन को पुण्य कार्य बताते हुए तुलसी फाउंडेशन के सभी पदाधिकारियों एवं कावड़ियों को बधाई दी और यात्रा की सफलता की कामना ,तुलसी फाउंडेशन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कावड़ यात्रा का शुभारंभ 14 अगस्त को सुबह 11 बजे राम मंदिर, बड़ा बाजार सागर से होगा। ढोल-नगाड़ों, डीजे और भगवान भोलेनाथ के जयकारों के बीच हजारों श्रद्धालु एवं कावड़िए यात्रा में शामिल होंगे। यात्रा राम मंदिर बड़ा बाजार से प्रारंभ होकर तीन बत्ती, भीतर बाजार, परकोटा, बस स्टैंड होते हुए वृंदावन बाग मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद कावड़िए वाहनों के माध्यम से मां नर्मदा का पवित्र जल लेने के लिए रवाना होंगे। कावड़िए मां नर्मदा का जल लेकर सागर वापस आएंगे और इसी पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का महाभिषेक किया जाएगा। कावड़ यात्रा का मुख्य आयोजन 17 अगस्त को दोपहर 3 बजे किया जाएगा। इस अवसर पर सभी कावड़िए डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय से विशाल शोभायात्रा के रूप में रवाना होंगे। शोभायात्रा विश्वविद्यालय से प्रारंभ होकर जिला पंचायत कार्यालय, गोपालगंज, बस स्टैंड और तीन बत्ती होते हुए रामबाग मंदिर पहुंचेगी। यहां मां नर्मदा से लाए गए पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से महाभिषेक किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। यात्रा के दौरान भगवान भोलेनाथ के जयकारों और भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय रहेगा।
रामबाग मंदिर में भगवान भोलेनाथ के महाभिषेक के उपरांत तुलसी फाउंडेशन द्वारा सभी कावड़ियों एवं श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की जाएगी। आयोजन समिति द्वारा कावड़ियों की सुविधा एवं यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सावन माह भगवान भोलेनाथ की आराधना का पवित्र अवसर है। कावड़ यात्रा जैसे धार्मिक आयोजन हमारी समृद्ध सनातन परंपराओं को आगे बढ़ाने का कार्य करते हैं। मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करना श्रद्धा और आस्था की हमारी प्राचीन परंपरा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में धार्मिक चेतना के साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने तुलसी फाउंडेशन द्वारा प्रतिवर्ष कावड़ यात्रा आयोजित करने की सराहना करते हुए सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और कावड़ियों को शुभकामनाएं दीं। तुलसी फाउंडेशन की कावड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। 14 अगस्त को यात्रा के शुभारंभ से लेकर 17 अगस्त को होने वाली विशाल शोभायात्रा तक सागर शहर शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आएगा। तुलसी फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि कावड़ यात्रा का उद्देश्य भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ-साथ सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कावड़िए शामिल होंगे। इन्होंने मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को आमंत्रण पत्र भेंट करने के अवसर पर कावड़ यात्रा के संयोजक हरिराम ठाकुर, अध्यक्ष प्रदीप राजोरिया, अनिल दुबे, पहलाद रैकवार, पप्पू तिवारी, असंख्य दुबे, अंकित दीक्षित, लोकेश दीक्षित, आलोक तिवारी, अनिल सैनी, गिरीश कांत तिवारी, एडवोकेट राजेश मिश्रा, मनीष नेम, मनमोहन रैकवार, रवि सिंह ठाकुर, योगेश नेम सहित तुलसी फाउंडेशन कावड़ यात्रा के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।





