
विकास खंड बेलहरी ब्लॉक मुख्यालय को जाने वाली मुख्य सड़क के जर्जर होने के कारण क्षेत्रीय लोगों ने बुधवार को खंड विकास अधिकारी (बीडीओ ) को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने सड़क की खराब स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए शीघ्र पक्की सड़क के निर्माण की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में 1अगस्त 2026 को जिलाधिकारी बलिया को भी एक पत्र भेजा गया था। इसमें बेलहरी ब्लॉक मुख्यालय के पास सड़क की मरम्मत कर उसे गड्ढामुक्त करने की मांग की गई थी।पत्र में यह चेतावनी भी दी गई थी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व में कुछ स्थानों पर सड़क पर खड़ंजा और मरम्मत का कार्य कराया गया था, लेकिन इससे सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका। बरसात के कारण मार्ग पर आवागमन में लोगों को काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र के समाजसेवी निलकू भाई रौशन के नेतृत्व में लोगों ने संबंधित विभाग से स्थायी समाधान के रूप में पक्की सड़क के निर्माण की मांग की है।उनका कहना है कि इससे ब्लॉक मुख्यालय आने-जाने वाले कर्मचारियों, अधिकारियों और ग्रामीणों को राहत मिल सकेगी। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से निलकू भाई रौशन, सुरेश कनौजिया, नित्या सैनी, अप्पू यादव, राजू कुमार, राकेश मिश्रा, रवि शंकर, सूरज कुमार राजभर, सदाम अंसारी, जितेन्द्र कुमार, छोटू खरवार, अजीत कुमार सिंह, सुभाष कुमार,अंकित कुमार यादव, मोनू कुमार सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि व अन्य क्षेत्रीय नागरिक शामिल थे।


