
बलिया।स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवाह्न पर हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए बुधवार को बैरिया ब्लॉक अंतर्गत खण्ड शिक्षा अधिकारी पंकज मिश्र के नेतृत्व में कम्पोजिट विद्यालय रानीगंज बाजार से 151 मीटर लम्बा तिरंगा झण्डा के साथ यात्रा निकाली गई।हर्ष उल्लास के साथ देश प्रेम की भावना से ओतप्रोत तिरंगे यात्रा को उपजिलाधिकारी बैरिया आलोक प्रताप सिंह व क्षेत्राधिकारी बैरिया फहीम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
तिरंगा पद यात्रा का शुभारंभ कम्पोजिट विद्यालय रानीगंज बाजार से खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय बैरिया तक आयोजित हुई जहाँ खंड विकास अधिकारी ने रैली का स्वागत किया। पैदल तिरंगा यात्रा में स्कूली छात्र छात्राओं सहित शिक्षक व कर्मचारी शामिल रहे। इस दौरान स्कूली छात्र छात्राओं द्वारा रैली में तिरंगे लिए आम जनमानस को घरों में तिरंगा फहराने हेतु प्रेरित भी किया गया।
बच्चों के हाथों में तिरंगा देखकर देशभक्ति का जज्बा सबके अंदर जागृत हो रहा थी।यह नजारा ऐसा था कि बाजार में आए लोग भी हिंदुस्तान जिंदाबाद व भारत माता की जय के नारे लगा रहे थे।इसके अलावा इस तिरंगा यात्रा में पंचायत विभाग के कर्मचारियों ने भी हिस्सा लिया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी आलोक प्रताप सिंह ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा लोगों को जागरूक करने के लिए निकाला गया है। हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।खंड विकास अधिकारी आदित्य कुमार सिंह ने कहा कि इस यात्रा में शामिल सभी के जज्बे को सलाम है।इस यात्रा में शामिल छात्र और छात्राएं भारत के भविष्य हैं।उनके अंदर देशभक्ति का जज्बा जगाना है। यात्रा में शुकदेव पाण्डेय, राजेश सिंह,बिक्की सिंह,निशा मिश्रा, राजेश्वर मिश्रा,दिनेश तिवारी, पंकज सिंह, संजू सिंह, रमेश तिवारी, नेहा गुप्ता, श्रीनिवास यादव, सत्येंद्र सिंह, संजीव तिवारी.भरत गुप्ता,सुनील सिंह,जीवन ज्योति वर्मा,निर्भय ,राजनारायण,संजीव सिंह प्रमुख रूप से शामिल थे।

















