

ममता चौहान जिला संवाददाता हरिद्वार उत्तराखंड

19 से 23 जनवरी 2026 में हरिद्वार के बैरागी द्वीप में गायत्री तीर्थ शांतिकुंज के तत्वाधान में भव्य शताब्दी महोत्सव मनाया जाएगा।
अखिल विश्व गायत्री परिवार के संस्थापिका माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी और युग ऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा प्रज्वलित दिव्य अखंड दीप के प्राकट्य के 100 वर्ष और आचार्य श्री के साधना काल के 100 वर्ष पूर्ण होने के पावन अवसर पर होने जा रहा है ।महोत्सव हेतु चयनित भूमि में वसुधा बंधन (तीर्थ रज पूजन) का आयोजन किया जाएगा। 4 दिसंबर को होने वाला वसुधा वंदन कार्यक्रम मुख्य अतिथि राज्यपाल गुरमीत सिंह और शांतिकुंज की अधिष्ठात्री शैल दीदी ,अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि डॉक्टर चिन्मय पंड्या की गरिमा मयी उपस्थिति में संपन्न होगा ।
देव संस्कृति विश्वविद्यालय शांतिकुंज में पत्रकारों से चर्चा करते हुए अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि डॉक्टर चिन्मय पंड्या ने बताया कि वर्ष 2026 में इन तीनों महत्वपूर्ण दिव्य घटनाओं के शताब्दी वर्ष पूर्ण हो रहे हैं यह शताब्दी वर्ष केवल गायत्री परिवार का ही नहीं बल्कि संपूर्ण विश्व के लिए विचार क्रांति और आध्यात्मिक पुनर्जागरण का वर्ष होगा। उन्होंने यह भी बताया कि रज वंदन कार्यक्रम इसी विराट संकल्प का प्रथम चरण है। इस अवसर पर देश विदेश से आए हजारों गायत्री साधक और कार्यकर्ता बैरागी द्वीप की रज को माथे से लगाकर गुरु सत्ता के प्रति अपनी अगाध श्रद्धा और समर्पण एवं संकल्प को दोहराएंगे।।
युवा प्रतिनिधि ने बताया कि युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य श्री ने अपनी महान तप और साधनाओं के माध्यम से विचार क्रांति अभियान की आधारशिला रखी थी। हरिद्वार की यह धरा अनेक ऋषियो और संतों की तपस्थली रही है । उन्होंने बताया कि यह समारोह केवल एक आयोजन नहीं बल्कि इस महाअभियान का शुभारंभ है जो मनुष्य के जीवन में विचार क्रांति की अनेक संभावनाओं को साकार करने का मार्ग प्रशस्त करेगा ।
उन्होंने बताया कि इस विराट आयोजन में शांतिकुंज और देव संस्कृति विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्रतिनिधि गण, देश-विदेश से अनेक परिजन ,आध्यात्मिक क्षेत्रो के गणमान्य व्यक्ति सहित अनेक स्थापित हस्ताक्षर सम्मिलित होंगे। इस अवसर पर प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र चौधरी, महासचिव श्री दीपक मिश्रा, डॉक्टर राधिका नागरथ सहित अनेक प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के बंधु शामिल रहे।












