
।। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना में सेंधमारी; 96 लाख रुपये फर्जी खातों में ट्रांसफर, जांच के आदेश।।
अजीत मिश्रा (खोजी)
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की शुरुआती जांच में 1000 से अधिक फर्जी बैंक खातों में धनराशि ट्रांसफर की बात उजागर हुई है। प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना में घोटाला।
15 दिसंबर 25, उत्तर प्रदेश।
बस्ती ।। प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना (PMMVY) में सेंधमारी का बड़ा मामला सामने आया है। भ्रष्टाचारियों ने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के 96 लाख रुपये 1000 से अधिक फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। मामले के खुलासे के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
बता दें, गरीबों और गर्भवती महिलाओं के लिए केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना (PMMVY) के तहत वित्तीय सहायता दी जाती है। इसके तहत पहले जीवित बच्चे के लिए 5,000 और दूसरे बच्चे के लिए 6,000 की प्रोत्साहन राशि दी जाती है. साथ ही संस्थागत प्रसव पर जननी सुरक्षा योजना के तहत अतिरिक्त लाभ भी मिलता है। इसी योजना में भ्रष्टाचारियों ने लाखों का घोटाला कर दिया है। शुरुआती जांच में सुनियोजित तरीके से 1000 से अधिक फर्जी बैंक खातों में धनराशि ट्रांसफर करने की बात उजागर हुई है। ICDS विभाग की आंतरिक ऑडिट में लाभार्थियों की सूची और उनके बैंक खातों के सत्यापन में बड़ी विसंगतियां पकड़ी गई हैं। इसमें किसी संगठित गिरोह की भूमिका उजागर हो सकती है।
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के अधिकारी (डीपीओ) राजेश त्रिपाठी के अनुसार अनियमितता योजना के लाभार्थियों को सीधे हस्तांतरित होने वाली राशि (DBT) में की गई है। प्रारंभिक जांच में 96 लाख रुपये के गबन की बात सामने आई है। सबसे अधिक गड़बड़ियां सदर ब्लॉक में पाई गई हैं। इसी ब्लॉक में फर्जी बैंक खातों की संख्या सबसे अधिक है। जांच में मिले दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल के निर्देश पर उच्च-स्तरीय जांच कमेटी का गठन किया गया है। तीन वरिष्ठ अधिकारियों की टीम को घोटाले की जांच में जुट गई है।
















