
कानपुर के पनकी थानाक्षेत्र में नाले में कंबल से लिपटी मिली महिला के शव की शिनाख्त हो गई है. देर रात पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने महिला की शिनाख्त आकृति सिंह उर्फ रूबी के रूप में की. मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी.
बताया जा रहा है कि पुलिस ने देर रात दबिश देकर पति समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया. परिजनों का कहना है कि रूबी 27 फरवरी से लापता थी. मृतका के भाई पनकी सरायमीता निवासी दीपक ने बताया कि उसकी बहन रूबी ने करीब चार साल पहले नितिन सविता से प्रेम विवाह किया था. दोनों के एक पुत्र और पुत्री है. परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष मारपीट करता था और कई बार थाने में शिकायत भी की गई, लेकिन हर बार पुलिस समझौता करा देती थी. बीती 26 फरवरी को भी रूबी के साथ मारपीट की गई थी. रूबी ने चौकी में तहरीर दी लेकिन पुलिस ने समझौता कर दिया.
इसके बाद जब वह घर लौटी तो ससुरालवालों ने उसकी गला दबाकर पहले हत्या की और फिर शव को कंबल में लपेटकर नाले में फेंक दिया. परिजनों ने आरोप लगाया कि हत्या के बाद घर के CCTV कैमरों की फुटेज डिलीट कर दी गई. जिस कंबल में उसका शव लिपटा मिला, वह घर का था, इसके अलावा रूबी की पर्स और फोन भी घर पर ही मिला. आरोपी पनकी मंदिर में प्रसाद की दुकान चलाते हैं. बताया जा रहा है कि पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति और दो जेठ को हिरासत में लिया है.











