
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा गढ़वा श्री बंशीधर नगर, प्रतिनिधि। नगर ऊंटारी थाना परिसर में होली महापर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र नारायण सिंह ने संयुक्त रूप से की।
अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से होली को आपसी भाईचारे और सौहार्द्र के साथ मनाने की अपील की। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा
कि होली रंगों का त्योहार है और इसे शांति व सद्भाव के साथ मनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रहेगी। किसी भी प्रकार की अफवाह या उकसावे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। भ्रामक पोस्ट या आपत्तिजनक संदेश फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हुड़दंग, जबरन रंग लगाने या शराब के नशे में उत्पात मचाने वालों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। बैठक में लोगों से अपील की गई कि यदि कोई असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश करे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें।
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि त्योहार के दौरान संवेदनशील स्थानों पर विशेष गश्ती की व्यवस्था रहेगी। उक्त अवसर पर पुलिस निरीक्षक जितेंद्र भगत, थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राज कमल मिश्रा, झामुमो नेता अमर नाथ पाण्डेय, शैलेश चौबे, अशोक सेठ, बीरेंद्र प्रसाद, प्रमोद राम, सदर तौहीद खान, शमीम खान, तस्लीम खान, महमूद आलम सीनियर, कुमार कनिष्क, अमर राम, अश्विनी कुमार, आप नेता कमलेश मेहता, मुखिया उषा देवी, सृष्टिरानी, बीरेंद्र, प्रत कुमार राम, राजेंद्र यादव, मनोज ठाकुर, मुस्ताक अहमद शेख सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। बैठक में सभी ने सर्वसम्मति से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाने का संकल्प लिया।









