
अजीत मिश्रा (खोजी)
।। सेमरियावां ब्लॉक में ठप विकास कार्य: शासन ने नियुक्त किया नोडल अधिकारी ।।
🔥 तबीयत खराब होने का हवाला देकर खंड विकास अधिकारी हुए फरार ???
संत कबीरनगर, उत्तर प्रदेश।
लखनऊ, 15 दिसंबर 2025 ।। उत्तर प्रदेश सरकार ने संत कबीर नगर के सेमरियावां ब्लॉक में कई वर्षों से रुके हुए विकास कार्यों को फिर से गति देने के लिए कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया है। शासन के विशेष सचिव राजेश कुमार त्यागी ने इस संबंध में एक पत्र जारी कर स्टेट नोडल अधिकारी _राघवेन्द्र द्विवेदी_ को विभागीय प्रतिनिधि के रूप में संत कबीर नगर भेजा है। उन्हें एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है, साथ ही जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और खंड विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी के साथ मिलकर काम करने को कहा गया है।
सेमरियावां ब्लॉक में पिछले साढ़े चार साल से विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने लगातार विरोध प्रदर्शन किया और कई बार उच्च अधिकारियों से शिकायत की। ब्लॉक प्रमुख _मजहरून निशा_ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से भी मुलाक़ात कर समस्या उठाई थी।
पंचायती राज मंत्री _ओम प्रकाश राजभर_ ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर 15 दिन के भीतर समाधान करने का आदेश दिया था। मंत्री ने कहा कि सेमरियावां के लोगों को विकास का अधिकार है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हालांकि, खंड विकास अधिकारी ने तबीयत खराब होने का हवाला देकर कार्यस्थल से फरार हो गए, जिससे शासन की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। शासन ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि एक हफ्ते के भीतर रिपोर्ट न मिलने पर खंड विकास अधिकारी पर भी कार्रवाई की जा सकती है।
स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि नोडल अधिकारी की रिपोर्ट के बाद ठप पड़े प्रोजेक्ट्स को तुरंत शुरू किया जाएगा और क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विकास संभव हो सकेगा।
















