
पीलीभीत। कलीनगर अखिल विश्व गायत्री परिवार शांति कुंज हरिद्वार के तत्वावधान में कलीनगर में चार दिवसीय 24 कुण्डीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ मंगल जल कलश यात्रा के साथ हो गया है। रविवार को सुबह नौ बजे से नगर पंचायत कलीनगर के प्राचीन ठाकुर द्वारा मंदिर प्रांगण से मंगल जल कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री रामलीला मैदान में पहुंची। जहां गायत्री माता की आरती के साथ प्रसाद वितरित किया गया।

नगर में जगह जगह यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष ने सभी के लिए अपने निवास, निजी कार्यालय, परशुराम चौक एवं मैन चौराहा पर सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था कराई। चेयरमैन माया देवी भी पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश रखकर पूरे नगर में अन्य सभी महिलाओं के साथ में घूमी। सोमवार 31 मार्च को सुबह 7 बजे से 11 बजे तक यज्ञ एवं संस्कार, अपरान्ह 2 बजे से 4 बजे तक युवा सम्मेलन, सायं 7 बजे से 10 बजे तक संगीत व प्रवचन, 01 अप्रैल को सुबह 7 से 11 बजे तक यज्ञ एवं विवाह संस्कार अपरान्ह 2 बजे से 4 बजे तक पुरुष व महिला सशक्तिकरण गोष्ठी, सायं 7 बजे से 10 बजे तक संगीत प्रवचन व भव्य दीप यज्ञ और 02 अप्रैल को सुबह 7 बजे से 10 बजे तक यज्ञ एवं संस्कार व पुर्णाहुति के साथ गायत्री महायज्ञ का समापन होगा।



