A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

देशभक्ति के साथ राधे नाम की गूंज से भक्तिमय हुआ नारनौल, 186वीं प्रभात फेरी में छलका अपार श्रद्धा का सागर* 

नारनौल सोमदेव शर्मा

*देशभक्ति के साथ राधे नाम की गूंज से भक्तिमय हुआ नारनौल, 186वीं प्रभात फेरी में छलका अपार श्रद्धा का सागर*

 

नारनौल। रविवार की प्रातः बेला में नारनौल शहर भक्ति और श्रद्धा के रंगों में रंगा हुआ नजर आया। जैसे ही सूरज की पहली किरणें धरती पर पड़ीं, वैसा प्रतीत हुआ मानो स्वयं राधा रानी की कृपा इस नगर पर बरस रही हो। श्री राधा कृष्ण प्रभात फेरी संगठन, नारनौल द्वारा निकाली गई 186वीं प्रभात फेरी ने एक बार फिर भक्तों को अध्यात्म की गहराइयों से जोड़ दिया। साथ में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देशभक्ति का माहौल बना दिया।

फेरी का शुभारंभ यजमान श्री नरेश कौशिक ने अपने परिवार सहित ठाकुर जी की विधिवत पूजा-अर्चना कर किया। तदुपरांत सभी भक्तों को चंदन तिलक लगाकर ससम्मान आमंत्रित किया गया।

 

सावन मास के दूसरे रविवार को ढोल-नगाड़ों की लय, राधे-राधे के नाम की गूंज, और श्रद्धालुओं की नृत्य-मुद्राएं — यह दृश्य जैसे नारनौल की गलियों को वृंदावन की गलियों में बदल रहा था। शिव कॉलोनी से हुड्डा सेक्टर में से परिक्रमा कर गुजरती यह प्रभात फेरी उस समय विशेष भावनात्मक रंग में रंग गई, जब बच्चे, बुज़ुर्ग, महिलाएं और युवा एक साथ तिरंगे झंडे को हाथ में लेकर राधे नाम के संकीर्तन में झूमते नजर आए।

बच्चों के हाथों में छोटी-छोटी घंटियों की मधुर ध्वनि, ढोलक की थाप और भक्तों की आस्था से गूंजता वातावरण जैसे स्वयं ठाकुर जी को आमंत्रित कर रहा था। जन-जन की यह पुकार थी — “हे राधे रानी, हमारे जीवन में सदैव कृपा बनाए रखना।”

परिक्रमा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा प्रभात फेरी का पुष्पवर्षा, आरती और प्रसाद वितरण से भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धा और सेवा की मिसाल बनती इस प्रभात फेरी में लोगों ने घरों के दरवाज़े खोल दिए और खुले हृदय से प्रभु चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की।

 

श्री राधा कृष्ण प्रभात फेरी संगठन की लगातार तीन वर्षों से अधिक समय से चल रही इस प्रभात फेरी का प्रभाव इतना गहरा है कि सैकड़ों श्रद्धालु नित्य इस यात्रा से जुड़ते जा रहे हैं। संगठन की पहचान बन चुकी हैं — लाड़ली महारानी राधा जू, जिनका नाम श्रद्धा और समर्पण का पर्याय बन चुका है। राधा कृष्ण प्रभात फेरी संगठन द्वारा 16 अगस्त को प्रातः 6:00 बजे शिव मंदिर छोटा तालाब प्रमोद संघी जी के सानिध्य में किया जाएगा। सभी जानकारी के बाद अंत में सनातन धर्म के जयकारों के साथ सभी को प्रसाद वितरित किया गया।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!