
फिरोजाबाद से जुड़ी गौरवपूर्ण खबर
नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का सीधा प्रसारण पुलिस लाइन में देखा गया
फिरोजाबाद।
उत्तर प्रदेश नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2023 में सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का सीधा प्रसारण आज दिनांक 15 जून 2025 को जनपद फिरोजाबाद स्थित पुलिस लाइन में बड़े उत्साह के साथ देखा गया। यह प्रसारण लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से किया गया था, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
फिरोजाबाद में इस ऐतिहासिक अवसर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ दीक्षित, सदर विधायक श्री मनीष असीजा, टूण्डला विधायक, नगर महापौर तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने सफल अभ्यर्थियों के परिजनों, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर व शिकोहाबाद सहित तमाम पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मिलकर देखा।
इस दौरान पुलिस लाइन परिसर में उल्लासपूर्ण माहौल रहा। परिजनों की आंखों में भावुकता और गर्व के भाव दिखाई दिए। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने चयनित अभ्यर्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि यह पुलिस भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचिता पूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई है, जिससे पुलिस सेवा में ईमानदार और कर्मठ युवाओं की नई पीढ़ी जुड़ रही है।




