

रिपोर्ट। धरकास मोखा। गुजरात
गांधीनगर:
देश की युवा पीढ़ी को नशे की गर्त से निकालने और एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण के उद्देश्य से रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का आगाज किया। इस राष्ट्रीय मुहिम के तहत गांधीनगर स्थित नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी (NFSU) में ‘Gen-Z Against Addiction’ शीर्षक से एक भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम संपन्न हुआ।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए जुड़ते हुए प्रधानमंत्री ने देश के नौजवानों को व्यसनों से दूर रहकर ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने युवाओं के साथ विचार-विमर्श किया और उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ने का मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में शामिल सैकड़ों छात्रों और युवाओं को नशामुक्त जीवन जीने और समाज को जागरूक करने की निष्ठापूर्वक शपथ दिलाई गई। इसके अलावा, नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाने के लिए कलाकारों द्वारा एक नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि, “युवा शक्ति ही किसी भी राष्ट्र की असली पूंजी होती है। भारत को केवल आर्थिक रूप से ही नहीं, बल्कि व्यसनमुक्त बनाकर हर मामले में विश्वगुरु बनाना हमारा लक्ष्य होना चाहिए।”





