
सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * कटनी की नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया इन दिनों गंभीर आरोपों और विभागीय जांच के चलते सुर्खियों में हैं। उन पर ट्रांसपोर्ट व्यवसायी से कथित अवैध वसूली करने के साथ-साथ विभागीय लापरवाही के आरोप लगे हैं। शिकायतों के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक कार्रवाई भी की गई है। शिकायत के अनुसार, 21 जुलाई की रात वाहन चेकिंग के दौरान एक ट्रांसपोर्टर की हाइवा गाड़ी रोककर 30 हजार रुपये की कथित मांग की गई। आरोप है कि मौके पर 25 हजार रुपये लिए गए, जबकि शेष 5 हजार रुपये बाद में देने की बात तय हुई। शिकायतकर्ता ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक को सौंपते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कटनी पुलिस अधीक्षक ने प्रारंभिक जांच के बाद CSP के चालक आरक्षक केशव सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही प्रशासनिक फेरबदल करते हुए नेहा पच्चीसिया के अधिकार क्षेत्र से कुठला, माधवनगर और रंगनाथ नगर थाना हटाकर उनका प्रभार अन्य अधिकारी को सौंप दिया गया। इसी बीच विभागीय जांच के दौरान एक अन्य मामला भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, हत्या के एक प्रकरण में निर्धारित समय सीमा के भीतर न्यायालय में चालान प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण आरोपी को डिफॉल्ट बेल मिल गई। इस मामले में भी विभागीय स्तर पर लापरवाही की जांच की जा रही है। इसके अलावा, न्यायालय में दायर एक परिवाद में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक हत्या के आरोपी को कथित कानूनी लाभ पहुंचाने के बदले उसकी जमीन कम कीमत पर खरीदकर बेची गई। हालांकि इन आरोपों की जांच अभी जारी है और अंतिम निष्कर्ष सामने आना बाकी है। फिलहाल सभी आरोप जांच के दायरे में हैं। विभागीय और कानूनी जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।





