आज से कलवारी-टांडा पुल बंद
अजीत मिश्रा (खोजी)
बड़ी खबर: आज से कलवारी-टांडा पुल बंद
💫अब 60 किलोमीटर तय करनी होगी अतिरिक्त दूरी, करीब 5 माह लगेगा समय।
कलवारी, बस्ती: बस्ती जिले को अम्बेडकर नगर से जोड़ने के लिए सरयू नदी पर बना पूर्वांचल के सबसे लंबा कलवारी टांडा पुल जर्जर होने के कारण पुल का मरम्मत कर शुरू होगा। निर्माण कार्य शुरू होने के कारण आज से इस पुल से आवागमन पूरी तरह से ठप हो जाएगा। पुल पर निर्माण कार्य के दौरान करीब 5 माह यातायात पूरी तरह से बंद रहेगा। ऐसे में आंबेडकरनगर, जौनपुर, आजमगढ़ समेत अन्य जिलों के लोगों को बस्ती आने के लिए करीब 60 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी।
कलवारी-टांडा के बीच सरयू नदी पर वर्ष 2013 में 72 खंभों पर 2231 मीटर लंबा पुल बनकर तैयार हुआ था। तब आवागमन का दबाव कम था। ज्यादातर बस्ती-अम्बेडकर नगर और आजमगढ़ जिले के बीच ही आना-जाना था। पुल के बनने के पांच साल बाद लुंबिनी-दुद्धी मार्ग टू लेन हाईवे बनकर तैयार हुआ। इस हाईवे का आवागमन बस्ती-टांडा के बीच सरयू नदी पर नया पुल निर्माण के बजाय पहले से बनाए गए इसी पुल से कर दिया गया। जबकि इस पुल की चौड़ाई हाईवे के लिहाज से कम है। अब इस मार्ग से बड़ी संख्या में भारी वाहन भी गुजरते हैं। जिससे पुल पर पहले की अपेक्षा अधिक दबाव बढ़ा है।
बता दें वर्तमान में यह पुल जर्जर हो चुका है। एनएचएआई ने पहले ही पुल की गंभीर स्थिति को देखते हुए शासन को रिपोर्ट भेजी थी। जिसमें पुल के एक्सपेंशन ज्वाइंट, बेयरिंग, खंभे और सतह के जर्जर होने की बात कही गई थी। अब 11 सितंबर से इस पुल का वृहद मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा, जो करीब पांच महीने तक चलने की संभावना है। वृहद मरम्मत कार्य शुरू होने के कारण इस पुल से आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया जाएगा। रूट डायवर्जन का सहारा लेते हुए यात्री धनघटा बाजार से बिड़हर घाट होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकते हैं।
🤙आवागमन बंद होने से यात्री होंगे परेशान—
कलवारी टांडा पुल मरम्मत कार्य शुरू होने के बाद सैकड़ों की संख्या में कर्मचारियों व रोजगार के सिलसिले से प्रतिदिन आनेजाने वाले लोगों को समस्या होगी। अब उन्हें वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेते हुए करीब 60 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर वैकल्पिक रूप से स्टीमर आदि की व्यवस्था कर दी जाती तो रोजमर्रा के कामों से आने जाने वाले लोगों को सुबिधा हो जाती और उन्हें 60 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय नहीं करनी पड़ती।
🤙यात्रियों के लिए किया गया रुट डायवर्जन—
बस्ती से अम्बेडकर नगर जाने के लिए अब धनघटा से बिड़हरघाट होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकते हैं वहीं आंबेडकरनगर से बस्ती की ओर आने वाले यात्रियों को भी बिड़हरघाट होकर यात्रा करनी होगी। एनएचएआई और जिला प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे मरम्मत कार्य के दौरान चिह्नित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
🤙क्या कहते हैं एनएचआई के जिम्मेदार—
एनएचएआई के परियोजना प्रबंधक एसपी पाठक ने बताया कि कलवारी पुल मरम्मत कार्य 11 सितंबर से शुरू हो रहा है। जिसमें एक्सपेंशन पॉइंट, बेयरिंग समेत अन्य कार्य किए जाएंगे। कोशिश होगी कि तय वक्त से पहले कार्य पूर्ण कराकर आवागमन को बहाल कराया जाए। सुबह 10 बजे से आवागमन बंद कर दिया जाएगा। इसके लिए बैरिकेडिंग की गई है। कलवारी और टांडा की तरफ से संकेतक लगा दिए गए हैं।















