कटौली में रफ्तार का कहर: दो बाइकों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत, तीन घायल
सीएचसी दुद्धी में चला उपचार, एक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर; हादसे से मची अफरा-तफरी
दुद्धी सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_ स्थानीय थाना क्षेत्र के कटौली गांव स्थित मेढ़ा महुआ के समीप शनिवार शाम करीब चार बजे दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना जोरदार था कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के पहुंचने तक स्थानीय लोगों ने निजी वाहनों की सहायता से घायलों को संभाला। इसके बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, झारोकला निवासी सुनील कुमार (24) पुत्र सीताराम एवं शिवप्रसाद (48) पुत्र जगदीश्वर एक ही बाइक से रेणुकूट से दुद्धी की ओर आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कटौली गांव के मेढ़ा महुआ के पास पहुंची, सामने से आ रही दूसरी बाइक से आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं और दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं दूसरी बाइक पर बजरंगी (17) पुत्र रामप्रकाश, निवासी झारोकला, अकेले सवार थे। बताया गया कि वह अपने घर से कटौली बाजार पैसे निकालने जा रहे थे। मेढ़ा महुआ के समीप पहुंचते ही उनकी बाइक सामने से आ रही बाइक से टकरा गई, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सीएचसी दुद्धी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने शिवप्रसाद की हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जबकि सुनील कुमार एवं बजरंगी का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में जारी है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा आवश्यक कार्रवाई करते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।














