

भीलवाड़ा | श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर काशीपुरी स्थित श्री श्याम मंदिर परिसर में भक्ति का अनूठा सैलाब उमड़ा। श्री श्याम सेवा समिति (रजि.) काशीपुरी धाम द्वारा आयोजित संगीतमय सुंदरकांड पाठ और भव्य भजन संध्या ने पूरे वातावरण को दिव्य ऊर्जा से भर दिया।
जयकारों से गुंजायमान हुआ मंदिर परिसर
कार्यक्रम का आगाज विधिवत पूजन व महाआरती के साथ हुआ। इसके पश्चात सुंदरकांड के संगीतमय पाठ के दौरान पूरा मंदिर परिसर “जय श्री राम” और “बजरंगबली की जय” के उद्घोष से गूंज उठा। बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं, युवाओं और बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने सामूहिक पाठ में भाग लेकर हनुमान जी की आराधना की।
भजनों पर झूमे श्रद्धालु
भजन संध्या में प्रसिद्ध गायक अक्षत अग्रवाल एवं पारस बैरिवाल ने अपनी सुमधुर आवाज से समां बांध दिया। एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु खुद को रोक नहीं पाए और भक्ति भाव में लीन होकर झूमने लगे। गायक कलाकारों के भावपूर्ण भजनों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सामाजिक एकता का संदेश
समिति के अध्यक्ष श्री सुरेश पोदार ने इस अवसर पर कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने बताया कि इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य लोगों को एकजुट करना और आपसी प्रेम व भाईचारे को बढ़ावा देना है।
समिति का रहा विशेष सहयोग
कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक आरती की गई और सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में श्री श्याम सेवा समिति काशीपुरी धाम के सभी सदस्यों का पूर्ण समर्पण और विशेष सहयोग रहा।














