


कोल्हुई/महराजगंज।
महराजगंज। जनपद के नवागत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी शनिवार को अचानक थाना समाधान दिवस के दौरान कोल्हुई थाने पहुंच गए। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के अचानक पहुंचने से थाना परिसर में हलचल मच गई और पुलिस-प्रशासनिक अमला तत्काल सक्रिय हो गया।
थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग और कोल्हुई पुलिस के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को तत्काल न्याय मिल सके।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि शासन की मंशा है कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पीड़ितों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई कर उन्हें न्याय दिलाना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं महत्वाकांक्षी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, ताकि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
डीएम-एसपी के संयुक्त निरीक्षण और सख्त निर्देशों के बाद थाना परिसर में मौजूद अधिकारियों कर्मचारियों में गंभीरता साफ नजर आई। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि इस पहल से क्षेत्र की लंबित समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी।
[yop_poll id="10"]









