
सफलता की कहानी’
’शहरी सेवा शिविर में मिला आवासीय पट्टा, वर्षों पुरानी समस्या का हुआ समाधान’

पाली, 25 जून। राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगरपालिका मंडल बाली द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ उनके निकटतम स्थान पर ही उपलब्ध कराया जा रहा है।
बाली निवासी जयेश कुमार पुत्र जावंतराज के पैतृक भूखण्ड का आवासीय पट्टा लंबे समय से लंबित था, जिससे उन्हें विभिन्न प्रशासनिक एवं कानूनी प्रक्रियाओं में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। शहरी सेवा शिविर के आयोजन की जानकारी मिलने पर वे 25 जून 2026 को शिविर में पहुंचे तथा आवासीय पट्टा जारी करने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया।
शिविर प्रभारी एवं अधिशासी अधिकारी महेंद्रसिंह राजपुरोहित ने आवेदन की मौके पर ही जांच कर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करवाई तथा लाभार्थी को 69-क के अंतर्गत आवासीय पट्टा जारी किया। वर्षों से लंबित समस्या का समाधान होने पर जयेश कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को त्वरित राहत मिल रही है और सरकारी सेवाएं अब लोगों के द्वार तक पहुंच रही हैं।
अपने भूखण्ड के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज प्राप्त कर लाभार्थी ने माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, स्थानीय विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत तथा अधिशासी अधिकारी महेंद्रसिंह राजपुरोहित का आभार व्यक्त करते हुए राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल की सराहना की।
शहरी सेवा शिविर-2026 आमजन को राहत प्रदान करने के साथ-साथ सुशासन एवं जनसेवा की भावना को साकार कर रहे हैं।









