

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार तथा उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज ने आज संयुक्त रूप से सर्किट हाउस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने पूरे परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और इसके व्यापक कायाकल्प के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मुख्य रूप से सर्किट हाउस के कमरों, लॉबी और वीआईपी सुइट्स की स्थिति का जायजा लेते हुए रूम्स के इंटीरियर को आधुनिक और बेहतरीन बनाने के निर्देश दिए।
साथ में भवन के रखरखाव, परिसर की अंदरूनी सड़कों के सुदृढ़ीकरण और सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। परिसर को आकर्षक रूप देने के लिए बगीचों को नए सिरे से व्यवस्थित करने, नए पौधे लगाने और हरियाली बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने पूरे परिसर, विशेषकर किचन और डाइनिंग एरिया में हाइजीन और उच्च स्तरीय साफ-सफाई बनाए रखने का सख्त निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सर्किट हाउस जिले की छवि को दर्शाता है, क्योंकि यहाँ कई महत्वपूर्ण अतिथि और वरिष्ठ अधिकारी ठहरते हैं। इसके सौंदर्यकरण, सुविधाओं और रख-रखाव में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतनी है।
निरीक्षण के दौरान मौके पर एनडीसी श्री दीपक कुमार दुबे, जिला नाजिर श्री आनंद कुमार सहित संबंधित विभागों के अभियंता उपस्थित रहे।









