महुली के अखाड़े में पहलवानों ने दिखाया दमखम ,नाग पंचमी पर गूंजा कुश्ती का जयघोष
संजय महुली और चंद्रप्रकाश विंढमगंज ने लहराया परचम
महुली, दुद्धी, सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_नाग पंचमी के पावन पर्व पर सोमवार को राजा बरियार शाह खेल मैदान महुली में परंपरागत भव्य कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। अखाड़े में जैसे ही पहलवानों ने एक-दूसरे को ललकारा, पूरा मैदान तालियों और उत्साह से गूंज उठा। क्षेत्र के नामी-गिरामी पहलवानों ने अपने दमदार दांव-पेंच और कुश्ती कला का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि वीरेंद्र चौधरी, मंडल अध्यक्ष विंढमगंज तथा विशिष्ट अतिथि सत्यनारायण कन्नौजिया, जिला स्काउट कमिश्नर सोनभद्र एवं विंध्याचल प्रसाद कन्नौजिया ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर किया। इसके साथ ही अखाड़े में पहलवानों के बीच मुकाबलों का सिलसिला शुरू हो गया। 
दंगल की पहली कुश्ती अनुराग जोरूखाड़ और संदीप के बीच हुई, जिसमें संदीप ने बाजी मारी। इसके बाद संदीप और संजय महुली के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। संजय ने शानदार दांव लगाते हुए संदीप को चित कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इसके बाद आयुष, संजय, दिलीप कुमार, मुकेश कुमार, अभय, रंगीला, अमरनाथ फुलवार और चंद्रप्रकाश विंढमगंज समेत कई पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर अपने हुनर का लोहा मनवाया।
दंगल के सबसे रोमांचक मुकाबलों में संजय कुमार महुली और चंद्रप्रकाश विंढमगंज ने शानदार कुश्ती लड़ते हुए अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमाया। दोनों विजेता पहलवानों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता के समस्त विजेता पहलवानों को मुख्य अतिथि वीरेंद्र चौधरी, विशिष्ट अतिथि सत्यनारायण कन्नौजिया एवं विंध्याचल प्रसाद कन्नौजिया तथा उदय शर्मा ने नगद धनराशि, विशेष पुरस्कार और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सहयोग से सफल हुआ आयोजन
कुश्ती दंगल को सफल बनाने में क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। रामलखन कन्नौजिया ने तीन हजार रुपये, ग्राम प्रधान महुली अरविंद जायसवाल ने दस अंगवस्त्र, जबकि मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी ने दस अंगवस्त्र एवं पांच सौ रुपये का सहयोग दिया। क्षेत्र के सम्मानित दुकानदारों और नागरिकों ने भी अपना सहयोग देकर आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
डॉ. राकेश कुमार रहे मुख्य निर्णायक
कुश्ती दंगल प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक डॉ. राकेश कुमार कन्नौजिया, प्रधानाचार्य आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज महुली रहे। उन्होंने कुश्ती मुकाबलों में निर्णायक की भूमिका निभाते हुए प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।
इस अवसर पर मनीष कुमार, अनूप कुमार, रूपेश कुमार, सूरज कुमार, सोनू कुमार सहित क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण, खेलप्रेमी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। नाग पंचमी पर आयोजित इस दंगल ने महुली की धरती पर पारंपरिक कुश्ती की गौरवशाली परंपरा को जीवंत कर दिया।










