




कानपुर, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था एमएमए जौहर फैन्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हयात ज़फर हाशमी ने कानपुर के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और राष्ट्र के नाम संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य कार्यालय प्रेमनगर, नई मस्जिद सुजातगंज, आज़ाद पार्क बेनाझाबर, रेडीमेड मार्केट बेकनगंज तथा हामिद जूनियर हाई स्कूल चमनगंज में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष हयात ज़फर हाशमी ने कहा कि भारत की असली ताकत उसकी एकता, भाईचारे और साझा विरासत में है। स्वतंत्रता आंदोलन किसी एक धर्म, जाति या समुदाय का आंदोलन नहीं था, बल्कि हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सहित देश के सभी वर्गों ने मिलकर अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि भारत की आज़ादी की लड़ाई में मुस्लिम समाज और लाखों उलेमाओं ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मौलाना मोहम्मद अली जौहर, मौलाना अबुल कलाम आज़ाद, हकीम अजमल खां और हजारों स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आज़ादी और एकता के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनकी कुर्बानियों को देश कभी भुला नहीं सकता।
हयात ज़फर हाशमी ने कहा कि आज़ादी का वास्तविक सम्मान तभी होगा, जब हम नफरत छोड़कर भारत जोड़ने का संकल्प लें। देश की तरक्की के लिए सभी धर्मों और समुदायों के लोगों को एक-दूसरे का सम्मान करते हुए मिलकर काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता वाली एकता से ही भारत का विकास होगा। युवाओं को देश के संविधान, लोकतंत्र, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता की रक्षा के लिए आगे आना चाहिए। हमें ऐसा भारत बनाना है जहां हर नागरिक को समान सम्मान, अधिकार और अवसर मिले।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा करने तथा आपसी भाईचारा मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर मोईनुद्दीन अंसारी, मोहम्मद शाहिद अल्वी, शहनावाज़ अंसारी, मोहम्मद ईशान, हसीन ज़फर हाशमी, अज़ीज़ुल हसन कुरैशी, उरुज हुसैन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।





