
धनबाद: भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) में अनुकंपा के आधार पर नौकरी की मांग को लेकर कोयला भवन पहुंचे बोकारो के युवक सचिन हेम्ब्रम ने BCCL के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल और उनके निजी सहायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक ने जातिसूचक टिप्पणी, गाली-गलौज, अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में न्यायालय के आदेश के बाद सरायढेला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।शिकायतकर्ता सचिन हेम्ब्रम बोकारो के दुग्धा थाना क्षेत्र के बुढ़ीडीह का रहने वाला है। शिकायत के अनुसार, उसके पिता स्वर्गीय दशरथ मांझी BCCL के मधुबन वाशरी ब्लॉक-2 में कर्मचारी थे। 5 मार्च 2010 को पिता की मृत्यु के बाद सचिन ने अनुकंपा के आधार पर नौकरी के लिए आवेदन किया था। आवेदन बीसीसीएल प्रबंधन के माध्यम से कोयला भवन स्थित सीएमडी कार्यालय भेजा गया था।
*नौकरी के लिए कई बार पहुंचा कार्यालय*
सचिन का कहना है कि अनुकंपा नियोजन की प्रक्रिया के संबंध में वह कई बार कोयला भवन स्थित सीएमडी कार्यालय पहुंचा। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वहां उसके साथ कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानजनक व्यवहार किया गया और कार्यालय से बाहर कर दिया गया।शिकायत के मुताबिक, 17 जून 2026 को भी सचिन नियोजन संबंधी आवेदन लेकर कोयला भवन पहुंचा था। आवेदन लेने के बाद उसके साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार किया गया। शिकायत में 18 जून की घटना का भी उल्लेख किया गया है।
*दोबारा कार्यालय आने पर धमकी का आरोप*
सचिन ने आरोप लगाया है कि बातचीत के दौरान सीएमडी नाराज हो गए और कथित तौर पर जातिसूचक टिप्पणी एवं गाली-गलौज की गई। इसके बाद सीएमडी के निजी सहायक ने उसे कार्यालय से बाहर निकाल दिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसे दोबारा कार्यालय आने पर जान को खतरा होने की धमकी भी दी गई।सचिन के अनुसार, उसने मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। इसके बाद धनबाद के उपायुक्त, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग और केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री के समक्ष भी शिकायत की गई। कार्रवाई नहीं होने पर उसने न्यायालय में शिकायतवाद दाखिल किया।
*कोर्ट के आदेश के बाद दर्ज हुई प्राथमिकी*
न्यायालय द्वारा मामले में कार्रवाई का निर्देश दिए जाने के बाद सरायढेला थाना पुलिस ने शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली। मामले में BCCL के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल और उनके निजी सहायक को आरोपित बनाया गया है।फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। आरोपित पक्ष का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।








