
सिद्धार्थनगर। क्षेत्र के भुसौला अदाई गांव में हुई युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने शुक्रवार को पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने उसे जोगिया कोतवाली क्षेत्र के पिपरा पांडेय गांव के पास से दबोच लिया। पुलिस का दावा है कि बुलाने के बाद दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। गुस्से में आकर आरोपी ने गला दबाकर मार डाला था। पूछताछ करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से जेल भेज दिया गया। जानकारी देते हुए सीओ सदर अरुणकांत सिंह ने बताया कि क्षेत्र के भुसौला अदाई गांव में 14 जुलाई को घर के कमरे में एक युवती का शव मिला था। जबकि, एक युवक जहरीला पदार्थ खाकर पड़ा था। मृतका की मां ने उमेश चौरसिया भुसौला अदाई थाना लोटन पर बेटी को अपने घर में खींचकर ले जाकर हत्या कर देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
तहरीर के आधार पर हत्या का केस दर्ज करके जांच की जा रही थी। हत्यारोपी को अस्पताल में इलाज चल रहा था। शुक्रवार को जानकारी मिली की वह भाग रहा है और जोगिया कोतवाली क्षेत्र के पिपरा पांडेय के पास है। सूचना को संज्ञान में लेते हुए पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई एसओ लोटन अरविंद कुमार मौर्य की अगुवाई में की गई है।
पूछताछ में आरोपी बोला
अभियुक्त उमेश चौरसिया से पूछताछ करने पर बताया गया कि मैं व सुनीता लुक छिपकर बातचीत करते थे। 14 जुलाई को सुनीता मेरे घर आई और दरवाजा बंद करके आपस में बातचीत कर रहे थे कि बातचीत के दौरान हम लोगों के बीच कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर सुनीता की हत्या कर दी। इसके बाद खुद जहर खा लिया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया, जिससे दोनों हमेशा के लिए खत्म हो जाएं। लेकिन इसी बीच पता नहीं कब दरवाजा खुला, हम अस्पताल पहुंचे इसकी जानकारी नहीं है।















