

हैरी ब्रूक और जो रूट की शानदार साझेदारी के बाद गस एटकिंसन और ब्राइडन कर्स की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन अपना जलवा बिखेरा। दिन के खेल की समाप्ति तक पाकिस्तान ने दूसरी पारी में छह विकेट पर 152 रन बनाए हैं और वह अभी मेहमान टीम से 115 रन पीछे चल रही है। स्टंप के समय आघा सलमान 41 रन और आमिर जमाल 27 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। इंग्लैंड के लिए एटकिंसन और कर्स को अब तक दो-दो विकेट मिले हैं, जबकि क्रिस वोक्स और जैक लीच ने एक-एक विकेट झटके हैं।
पाकिस्तान के पहली पारी में 556 रन के जवाब में इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी सात विकेट पर 823 रन बनाकर घोषित की। इंग्लैंड ने इसके साथ ही टेस्ट क्रिकेट के इतिहास का चौथा सर्वोच्च टोटल स्कोर खड़ा किया। इंग्लैंड ने पाकिस्तान पर इस तरह 267 रनों की बढ़त बनाई। पारी घोषित करने के बाद इंग्लैंड के गेंदबाजों ने अपना दम दिखाया और पाकिस्तान को शुरुआती झटके दिए। वोक्स ने सबसे पहले खाता खोले बिना अब्दुल्ला शफीक को पवेलियन भेजा। इसके बाद एटकिंसन ने कप्तान शान मसूद (11) को आउट किया।

बाबर फिर फ्लॉप, पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने किया निराश
पिछले कुछ समय फॉर्म हासिल करने के लिए मेहनत कर रहे पूर्व कप्तान बाबर आजम एक बार फिर विफल रहे और एटकिंसन ने जैमी स्मिथ के हाथों कैच कराकर उन्हें आउट किया। बाबर ने पांच रन बनाए। बाबर के आउट होने के कुछ समय बाद कर्स ने सईम आयूब का विकेट लिया जो 25 रन बनाकर पवेलियन लौटे। पाकिस्तान की टीम जब तक इन झटकों से उबर पाती तब तक ही उसे मोहम्मद रिजवान के रूप में पांचवां झटका लगा जिन्हें कर्स ने बोल्ड किया। रिजवान 19 गेंद खेल कर 10 रन ही बना सके। फिर लीच ने सऊद शकील को आउट कर पाकिस्तान की पारी पूरी तरह लड़खड़ा दी। शकील 29 रन बनाकर छठे बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। पाकिस्तान ने इस तरह 82 रन पर छह विकेट गंवा दिए। हालांकि, सलमान और जमाल ने इंग्लैंड को चौथे दिन और सफलता हासिल नहीं करने दी और पाकिस्तान का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया। पाकिस्तान को अगर अपने घर में यह मुकाबला गंवाने से बचना है तो इन दोनों बल्लेबाजों को बड़ी साझेदारी निभानी होगी।

ब्रूक-रूट की बड़ी साझेदारी
इससे पहले, इंग्लैंड ने चौथे दिन पहली पारी में तीन विकेट पर 492 रन से आगे खेलना शुरू किया और रूट-ब्रूक की जोड़ी ने पाकिस्तान के गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया। हैरी ब्रूक और जो रूट ने शानदार साझेदारी कर इंग्लैंड को मजबूत स्थिति पर पहुंचाया। इंग्लैंड अगर पाकिस्तान के खिलाफ बढ़त लेने में सफल रहा तो उसका सबसे बड़ा श्रेय ब्रूक और रूट की साझेदारी को जाता है। पाकिस्तान के बड़े स्कोर के जवाब में इंग्लैंड ने एक समय अपने तीन विकेट 249 रन पर गंवा दिए थे। लेकिन इसके बाद रूट और ब्रूक ने अपने पैर चट्टान की तरह क्रीज पर जमा लिए। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 454 रनों की साझेदारी की। यह टेस्ट में किसी भी विकेट के लिए की गई चौथी सबसे बड़ी और इंग्लैंड के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है।
इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रूक ने सबसे ज्यादा 317 रन बनाए और उनका साथ जो रूट ने बखूबी निभाया। रूट ने 262 रनों की पारी खेली। इस दौरान ब्रूक ने अपने करियर का पहला तिहरा शतक जड़ा। ब्रूक एक पारी में 300 से अधिक रन बनाने वाले छठे इंग्लिश बल्लेबाज बन गए। 34 साल बाद ऐसा हुआ है जब इंग्लैंड के किसी बल्लेबाज ने तिहरा शतक लगाया है। ब्रूक से पहले यह कारनामा इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज ग्राहम बूच ने किया था। उन्होंने 1990 में भारत के खिलाफ 333 रन बनाए थे। इंग्लैंड के लिए रूट और ब्रूक के अलावा बेन डकेट ने 84 रन, जैक क्रावले ने 78, जैमी स्मिथ ने 31 और एटकिंसन ने दो रनों का योगदान दिया। वहीं, वोक्स 17 और कार्स नौ रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। पाकिस्तान के लिए नसीम शाह और सईम अयूब ने दो-दो विकेट लिए, जबकि शाहीन अफरीदी, आमिर जमाल और सलमान को एक-एक विकेट मिला।










