
विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। भेड़िया को पकड़ने के लिए लगाए गए पिंजरे में बृहस्पतिवार रात एक कुत्ता फंस गया। वनकर्मियों ने बाद में उसे पिंजरे से बाहर निकाल कर छोड़ दिया। वनकर्मियों ने गांव में शुक्रवार को पहुंचकर ग्रामीणों को एहतियात बरतने को लेकर जागरूक भी किया।
कहा कि भेड़िया होने का कोई निशान नहीं मिला है। बीते दिनोंं दिखा जंगली जीव सियार था।
टांडा तहसील के नरायनपुर भटौली गांव में बीते दिनों ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि उन्हें भेड़िया दिखा है। वनविभाग की टीम गांव पहुंची तो पग चिह्न सियार जैसे मिले। लेकिन इसके बाद भी कुछ ग्रामीण संतुष्ट नहीं थे और भेड़िया होने की जिद पर अड़े हुए थे। इस पर वनविभाग ने गांव के दो अलग-अलग स्थानोंं पर पिंजरे लगा दिए थे। दो टीमों का गठन भी कर दिया गया था, जो गश्त भी करती हैं। इस बीच एक पिंजरे में बृहस्पतिवार रात एक कुत्ता फंस गया। शुक्रवार सुबह उसे छोड़ दिया गया।
वनदरोगा जेपी मिश्र ने कहा कि बीते एक सप्ताह के अंदर गांव में सियार के अलावा कोई और जानवर नहीं दिखा। ग्रामीणों को सलाह दी गई कि बच्चोंं को अपने साथ रखें। घर के अंदर सोएं व दरवाजा बंद रखें।







