कश्मीर से नेपाल के आए हुए पहलवानों का जलवा
सिद्धार्थनगर के विराट कुश्ती दंगल में दिखे रोमांचक मुकाबले, कश्मीर के रिजवान ने मारी बाजी
सिद्धार्थनगर के भनवापुर ब्लॉक स्थित सोहना में आयोजित विराट कुश्ती दंगल में देश-विदेश के दिग्गज पहलवानों ने अपना दमखम दिखाया। शुक्रवार को आयोजित इस प्रतियोगिता में नेपाल, कश्मीर, दिल्ली, चंडीगढ़ समेत कई राज्यों के नामचीन पहलवानों ने शिरकत की।
मुख्य मुकाबले में कश्मीर के रिजवान गनी और चंडीगढ़ के सोनू पहलवान आमने-सामने थे। दोनों पहलवानों ने शानदार दांव-पेंच दिखाए, लेकिन अंत में रिजवान गनी ने सोनू को
चित करके विजय हासिल की। दूसरे रोमांचक मुकाबले में दिल्ली के मोंटी और उत्तराखंड के परवेज पहलवान ने जबरदस्त टक्कर दी। निर्धारित समय तक कोई निर्णायक परिणाम नहीं निकला और मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।
नेपाल के लकी थापा ने राजस्थान के मुन्ना टाइगर को पटखनी देकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। इसी तरह खुनियांव के अखंड प्रताप सिंह ने राजस्थान के मुन्ना को पराजित कर दर्शकों की तालियां बटोरीं। पूरे टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी रही, जो हर दांव-पेंच पर तालियां बजाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करती रही।
प्रधान जितेंद्र ने पहलवानों से हाथ मिलाकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में आयोजक मनीष सिंह, मनोज सिंह, मोहम्मद हबीब, नसीम, बाबा बालक दास, आज्ञा राम, फूलचंद्र मिश्र और कंचन सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।










