
बस्ती में स्कूली वैन पलटी:7 और 9 साल के भाई-बहन समेत 3 बच्चे घायल, 6 अन्य बाल-बाल बचे
बस्ती के बभनान-गौर मार्ग पर बुधवार को एक स्कूली वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। रामापुर गांव के पास वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में तीन बच्चे घायल हुए हैं।
बीवीएस स्कूल, ढढौवा मेहनिया (गोंडा) की वैन छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। स्थानीय लोगों ने चीख-पुकार सुनकर बचाव कार्य शुरू किया। गौर थाना प्रभारी गजेंद्र प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे। वैन का शीशा तोड़कर बच्चों को निकाला गया।
जैतपुर गांव के विनोद सिंह की 7 वर्षीय बेटी अन्या और 9 वर्षीय बेटे विधान की स्थिति गंभीर है। दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। विनय सिंह की बेटी आस्था को मामूली चोटें आई हैं।
वैन में सवार अनुज यादव, आराध्या सिंह, आरुषि यादव, काव्या सिंह, रितिका और कीर्तीवर्धन सिंह बाल-बाल बच गए। पैकोलिया थानाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने बताया कि वैन को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है।















