
सिंगरौली।
कोतवाली बैढ़न थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि उन्होंने पुलिस को खुली चुनौती दे दी है। परिवहन विभाग पचौर के समीप दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने एक साथ आधा दर्जन से अधिक ऑनलाइन दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, ऑनलाइन दुकान संचालक राम प्रकाश बैस की दुकान का ताला तोड़कर चोर बैटरी और इन्वर्टर उठा ले गए। वहीं गंगेश्वर पाठक, प्रीतेश पाठक, गोविंद सिंह एवं अमित शर्मा की दुकानों का टीन शेड तोड़कर लैपटॉप, प्रिंटर, लेमिनेशन मशीन, सीपीयू सहित अन्य कीमती उपकरण चोरी कर लिए गए।
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक चोरों ने एक लाख रुपये से अधिक का माल पार किया है।
इसी दौरान उमेश पांडेय और संजय सिंह की दुकानों के ताले भी तोड़े गए, हालांकि वहां से कोई सामान चोरी नहीं हुआ।
पुलिस पर उठे सवाल
एक ही रात में इतने बड़े पैमाने पर चोरी की वारदात ने कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि रात्रि गश्त नियमित और सख्त होती तो चोर इतनी आसानी से वारदात को अंजाम नहीं दे पाते।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
व्यापारियों में आक्रोश
क्षेत्र के व्यापारियों का आरोप है कि हाल के दिनों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की सक्रियता केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित रह गई है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरों की सख्त निगरानी करने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
सुरक्षा पर उठे सवाल
लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने आमजन की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो अपराधियों के हौसले और बुलंद हो सकते हैं।
अब देखना होगा कि पुलिस इस बड़ी चोरी की वारदात का खुलासा कब तक कर पाती है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।





