A2Z सभी खबर सभी जिले की

स्वाति मिश्रा के भजनों से भक्तिमय हुआ राजिम कुंभ कल्प, मुख्य मंच पर उमड़ा जनसैलाब


गरियाबंद, 11 फरवरी 2026/ राजिम कुंभ कल्प मेला 2026 के दसवें दिन मुख्य मंच भक्ति रस से सराबोर हो उठा, जब सुप्रसिद्ध भजन गायिका स्वाति मिश्रा ने अपनी सुमधुर आवाज से हजारों श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति शुरू होते ही पूरा पंडाल तालियों और “हर-हर महादेव और जय श्रीराम” के जयघोष से गूंज उठा। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने भक्ति गीत से की, जिसके बाद एक से बढ़कर एक लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। “राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी” की गूंज पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। इसके साथ ही “बरसाने की छोरी राधा गोरी-गोरी”, “मेरे चौखट पे चलकर आज चारों धाम आए हैं” तथा “राधा गोरी से ब्रज की छोरी से मैया करा मेरो ब्याह” जैसे भजनों पर दर्शकों के साथ जनप्रतिनिधि झूमते दिखाई दिए। राजिम विधायक रोहित साहू ने तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
“मेरे घर राम आए हैं”, “भक्ति में रंगी रे”, “शिव कैलाशी” और “जय-जय भोलेनाथ” जैसे भजनों ने वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया। दर्शक दीर्घा में बैठे लोग हाथ उठाकर भजनों के साथ सुर मिलाते नजर आए। वहीं भजन सुनकर दर्शक दीर्घा से महिलाएं भी थिरकने लगी। स्वाति मिश्रा की मधुर आवाज ने श्रोताओं के हृदय को छू लिया। दसवें दिन मंच पर कार्यक्रम की शुरुआत कलाकार रेणू साहू की पंडवानी की प्रस्तुति से हुई। उन्होंने सत्यभामा और श्रीकृष्ण के संवाद को पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ प्रस्तुति देकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इसके पश्चात ग्वालियर की वैष्णवी शर्मा ने “शंभू शिव स्वयंभू” गीत पर भरतनाट्यम की मनमोहक प्रस्तुति दी। भरतनाट्यम के बाद पूर्वी यादव की जगराता प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। “गणेश वंदना के साथ” के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। वहीं “मेरे प्रभु श्री राम का” गीत सुनकर उपस्थित दर्शक “जय श्री राम” के नारे लगाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी कलाकारों का सम्मान विधायक रोहित साहू, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, राजिम नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, नवापारा नगरपालिका अध्यक्ष ओमकुमारी संजय साहू, सरपंच संघ फिंगेश्वर अध्यक्ष हरिश साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्मृति चिन्ह प्रदान कर दिया। मंच संचालन निरंजन साहू, मनोज सेन एवं किशोर निर्मलकर ने किया।

Back to top button
error: Content is protected !!