
प्रेस विज्ञप्ति
गया, 13 जून 2025
महिला संवाद: सशक्तिकरण का उत्सव, आकांक्षाओं को मिला अभिव्यक्ति का मंच
गया जिले में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और सरकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीण महिलाओं तक पहुँचाने के उद्देश्य से, ग्रामीण विकास विभाग द्वारा ग्राम संगठनों के माध्यम से महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 18 अप्रैल 2025 से दो पालियों में संचालित हो रहा है और 16 जून तक चलेगा। अब तक 3028 स्थानों पर सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है, जिसमें 5,65,887 महिलाओं ने भाग लेकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की है। साथ ही, 40,606 पुरुषों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई है।
महिलाओं तक योजनाओं की व्यापक जानकारी पहुँचाने के लिए डिजिटल स्क्रीन युक्त विशेष वाहनों के माध्यम से तीन वीडियो फ़िल्मों का प्रदर्शन किया जा रहा है। ये वाहन वर्चुअल संचार उपकरण, सेल्फी पॉइंट्सऔर स्टैंडी जैसी सुविधाओं से लैस हैं। इसके अतिरिक्त, महिला सशक्तिकरण से जुड़ी 31 से अधिक सरकारी योजनाओं की जानकारी लीफलेट्स के माध्यम से वितरित की जा रही है, साथ ही मुख्यमंत्री संदेश भी साझा किया जा रहा है। आयोजक दल के सदस्य और जीविका दीदियाँ इन लीफलेट्स की जानकारी पढ़कर सुनाने की महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
महिला संवाद कार्यक्रम महिलाओं के अनुभवों और आकांक्षाओं के लिए एक प्रभावी मंच के रूप में उभर रहा है। यहाँ महिलाएँ खुलकर अपने अनुभव साझा कर रही हैं और अपनी आवश्यकताओं को सामने रख रही हैं। जिले के 24 प्रखंडों में 83,000 से अधिक महिलाओं ने कई प्रकार की आकांक्षाओं क रखा जैसे नल-जल, नाली-गली, सामुदायिक भवन, जीविका भवन, विद्यालय, पुस्तकालय, बच्चों के खेल के मैदान, पशु चिकित्सालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सोलर स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं की माँग प्रस्तुत की है। साथ ही, उन्होंने वृद्ध एवं विधवा पेंशन में वृद्धि और स्वयं सहायता समूह स्तर पर ऋण की ब्याज दर 4% तक सालाना करने जैसी सामाजिक आवश्यकताओं के लिए भी अपनी आकांक्षा व्यक्त की है। इन आकांक्षाओं को ऐप के माध्यम से संकलित कर संबंधित विभागों को भेजने की व्यवस्था की गई है, ताकि इनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
महिलाएँ महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने वाली सरकारी योजनाओं की सराहना कर रही हैं, जो जन्म, शिक्षा और विवाह जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर केंद्रित हैं, जिससे बच्चियों को प्रोत्साहित किया जा सके। वे बाल विवाह और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ शपथ भी ले रही हैं। महिला संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल महिलाओं को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है, बल्कि सामुदायिक विकास को गति देना भी है। इस पहल के माध्यम से महिलाएँ अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय कदम उठा रही हैं। यह कार्यक्रम जागरूकता फैलाने का प्रभावी मंच होने के साथ-साथ महिलाओं को उनके अधिकारों और उपलब्ध संसाधनों के प्रति जागरूक करने का सशक्त प्रयास भी है, जिससे वे अपने समुदाय के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने में सक्षम हो सकें।
त्रिलोकी नाथ डिस्ट्रिक्ट डिवीज़न हेड गया
वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़













