
चित्रकूट में दंपति ने कलह के बाद फांसी लगा दी जान
चित्रकूट, । भरतकूप थाना क्षेत्र के गोबरिया बुजुर्ग गांव में रहने वाली महिला ने रविवार दोपहर को पशुबाड़े में फांसी लगाकर जान दे दी। इससे आहत पति ने 15 किमी दूर एमपी क्षेत्र के जंगल में जाकर फांसी लगा ली। बताया जा रहा घरेलू कलह के चलते दोनों ने यह कदम उठाया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
गोबरिया बुजुर्ग निवासी 54 वर्षीय पूर्व प्रधान रामजनक यादव व उसकी 50 वर्षीय पत्नी राजपति के बीच अक्सर विवाद होता था। परिजनों का कहना है कि इसी विवाद में रविवार दोपहर करीब ढाई बजे राजपति ने घर से कुछ दूरी पर बने पशुबाड़े में फांसी लगा ली। रामजनक को जब इसका पता चला तो वह गांव से कहीं निकल गया। पूरी रात उसकी खोजबीन चली, लेकिन कहीं पता नहीं चला। सोमवार सुबह एमपी के चित्रकूट थाना क्षेत्र स्थित अनुसुइया आश्रम मोड़ पर जंगल में फांसी से रामजनक का शव लटका मिला। दोनों की मौत की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। एमपी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इधर भरतकूप थाना पुलिस दोनों की खुदकुशी मामले की छानबीन कर रही है। सीओ सिटी राजकमल ने बताया कि दोनों के बीच घरेलू मामले को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। घटना की सही वजह अभी सामने नहीं आई है। मामले की जांच की जा रही है