
सिद्धार्थनगर जिले में बढ़ती चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने में पुलिस को सफलता मिली है। त्रिलोकपुर थाना पुलिस और जनपदीय एसओजी की संयुक्त टीम ने एक सक्रिय अंतरजनपदीय नकबजन गिरोह का पर्दाफाश किया है। टीम ने 5 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी के जेवरात, 1.97 लाख रुपए नकद और चोरी करने के उपकरण बरामद हुए हैं।
आरोपियों पर कई जिलों में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज

शनिवार को एसपी डॉक्टर अभिषेक महाजन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपी बलरामपुर और गोंडा जनपद के रहने वाले हैं। ये लंबे समय से सिद्धार्थनगर समेत कई जिलों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पुलिस को इनकी तलाश लंबे समय से थी। मन्नीजोत तिराहे के पास मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर इन्हें पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका संगठित गिरोह पूरे पूर्वांचल में चोरी करता है। चोरी का कीमती सामान नेपाल में बेच दिया जाता है। गैंग का सरगना शिवकुमार उर्फ बड़कन है। वह पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। सभी आरोपियों पर कई जिलों में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
सिर्फ कीमती सामान ही चुराते थे चोर
बरामद सामान में मंगलसूत्र, नथिया, पायल, बिछुआ, कंगन, बाली जैसे बहुमूल्य जेवरात और चोरी के औजार शामिल हैं। गिरोह की कार्यशैली सुनियोजित थी। सायंकाल मौके की रेकी कर, खेत के रास्ते घरों तक पहुंचते थे। रस्सी और सीढ़ी के सहारे घुसकर सिर्फ कीमती सामान ही चुराते थे।
इस कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद ने पर्यवेक्षण किया। टीम में थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर विपिन कुमार सिंह, प्रभारी एसओजी जीवन त्रिपाठी समेत कई अन्य अधिकारी शामिल रहे।













