A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

अजगर ने निगले 14 चूजे, ग्रामीणों में दहशत

अजगर ने निगले 14 चूजे, ग्रामीणों में दहशत

 

 

 

मसलिया प्रखंड क्षेत्र के गोलबंधा पंचायत अंतर्गत हतियापाथर के रास्ता टोला में रविवार देर रात उस समय अफरातफरी मच गई जब एक विशाल अजगर सांप अचानक ग्रामीण के घर में घुस गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी मनोज बेसरा मुर्गी पालन करते हैं। रात करीब तीन बजे अचानक मुर्गियों के शोरगुल से वे जागे और देखने पहुंचे तो पाया कि लगभग दस फीट लंबा अजगर उनके मुर्गी घर में घुसा हुआ है और लगातार चूजों को निगल रहा है। मनोज बेसरा ने बताया कि अजगर ने देखते ही देखते कुल 14 चूजों को निगल लिया। घटना की जानकारी तुरंत परिजनों व आस-पड़ोस के लोगों को दी गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोग भयभीत तो हुए लेकिन हिम्मत दिखाते हुए उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अजगर को सुरक्षित तरीके से पकड़कर बोरे में बंद कर जंगल में छोड़ दिया। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि ऐसे घटनाओं में बिना डरें तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि जंगली जीवों को सुरक्षित उनके प्राकृतिक आवास में लौटाया जा सके और किसी प्रकार की जनहानि से भी बचा जा सके। गांव में हुई इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल कायम है। लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब गांव के आसपास जंगली जीव देखे गए हों। आए दिन कभी अजगर तो कभी अन्य वन्य जीव घरों के आसपास नजर आते हैं, जिससे ग्रामीण परेशान रहते हैं। हालांकि वन विभाग द्वारा अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिए जाने से फिलहाल लोगों ने राहत की सांस ली है। यह घटना एक बार फिर इस बात की याद दिलाती है कि गांव-इलाके जंगलों से सटे होने के कारण जंगली जीवों का घरों में घुस आना असामान्य नहीं है, लेकिन ऐसे समय पर घबराने के बजाय सही कदम उठाना जरूरी है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!