
पाली के निजी स्कूल में दर्दनाक हादसा, हौद में गिरने से मासूम छात्रा की मौत
राजस्थान के पाली के फुलाद गांव में स्थित एक निजी विद्यालय में पानी के हौद में गिरने से साढ़े तीन साल की एक मासूम छात्रा की मौत हो गई। सिरियारी पुलिस के अनुसार फुलाद गांव में स्थित एक निजी विद्यालय परिसर में स्थित पानी के हौद में गिरने से गायत्री पुत्री अशोक सिंह रावत की मौत हो गई।सूचना से सिरियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची एवं ग्रामीणों की मदद से उसे हौद से बाहर निकाला और चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। सूचना से ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रामराज प्रजापत अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मिश्रीलाल प्रजापत घटना स्थल पहुंचे और हादसे की जानकारी ली।पीईईओ भंवर सिंह राजपुरोहित ने बताया कि घटना के बाद विद्यालय के संचालक से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। परिजनों के किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं करने व पोस्टमार्टम नहीं करवाने का प्रार्थना पत्र पेश करने पर शव परिजनों को सुपुर्द किया गया।


