गोरखपुर में कल्याण मण्डपम् (कन्वेंशन सेंटर) के लोकार्पण एवं EWS/LIG श्रेणी के आवंटियों को प्रमाण-पत्र वितरण हेतु आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखपुर में सांसद रवि किशन की चुटकी लेते हुए कहा, “हर कोई रवि किशन नहीं कि रोज शादी कर ले। ये फिल्मों में करते हैं। आम व्यक्ति न तो होटल या मैरिज हॉल बार-बार बुक कर सकता है और न ही शीशमहल बना सकता है।” मुख्यमंत्री का यह बयान 2.47 करोड़ रुपये की लागत से बने कल्याण मंडपम के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान आया।
गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) द्वारा निर्मित इस मंडपम की क्षमता लगभग 300 लोगों की है। इसके निर्माण के लिए धनराशि मुख्यमंत्री ने अपनी विधायक निधि से उपलब्ध कराई। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और रवि किशन के पहुंचने पर समर्थकों ने उनके साथ सेल्फी भी ली।
सीएम योगी ने अपने संबोधन में गोरखपुर के विकास और पर्यावरण का जिक्र करते हुए कहा कि अब यहां उद्योग स्थापित हो रहे हैं और बुनियादी ढांचा मजबूत हो रहा है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए पारदर्शिता और विकास पर जोर दिया। पर्यावरण के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली में AQI 400 के पार पहुंच जाता है, जहां लोगों को सांस लेने में दिक्कत होती है, जबकि गोरखपुर का वातावरण अपेक्षाकृत शुद्ध है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता और हरियाली बनाए रखने की अपील करते हुए कहा, “आप पर्यावरण को बचाएंगे तो पर्यावरण आपको बचाएगा।”