
धरमधारी एवं मुकनपुरा विद्यालय में सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा कार्यशाला का आयोजन
रोहट: शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता सड़क सुरक्षा अभियान के तहत उपखंड अधिकारी रोहट श्री पूरण कुमार के निर्देशानुसार एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्री जयदेव चारण, श्री दिलीप चारण तथा श्री गणेश शर्मा के मार्गदर्शन में शनिवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धरमधारी तथा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मुकनपुरा में सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा जागरूकता अभियान के तहत कार्यशाला का आयोजन किया गया। रा.उच्च माध्यमिक विद्यालय धरमधारी की प्रधानाचार्य श्रीमती नीता पोरवाल तथा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मुकनपुरा की अंजना भंवर की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 350 विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात नियमों की जानकारी देते हुए उनमें आत्म विश्वास एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर बल दिया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य नीता पोरवाल ने कहा कि वाहन चलाते समय सेल्फी लेने जैसी लापरवाही अनेक हादसों का कारण बनती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवारजनों को भी इसके प्रति जागरूक करें।जोधपुर-पाली राष्ट्रीय राजमार्ग के वरिष्ठ सीएसआर मैनेजर श्री फिरोज़ खान ने बताया कि वर्तमान में राज्य मार्गों पर प्रतिदिन लगभग 485 वाहन चालक सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं, जो अत्यंत चिंताजनक है। इनमें अधिकांश दुपहिया वाहन चालक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के माध्यम से अभिभावकों को जागरूक कर भविष्य में दुर्घटनाओं में कमी लाने का प्रयास किया जा रहा है।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को रेडियम स्टिकर एवं सड़क सुरक्षा नियमावली पुस्तिकाओं का वितरण किया गया।इस अवसर पर व्याख्याता नारायण लाल, वरिष्ठ अध्यापक किशन सिंह, संजय डांगी, संपत लाल, मंजू माली, लता, अम्बा कुमारी, राजूराम, महेंद्र सिंह, निहाल सिंह तथा मुकनपुरा विद्यालय से विक्रम चौधरी, बंशीलाल एवं प्रियंका मीणा सहित अन्य शिक्षक गण उपस्थित रहे
दिनांक: 14/02/2026
स्थान: रोहट


