

तेज रफ्तार का कहर: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार समेत दो की मौत
किसान इंटर कॉलेज अवखरा के पास शुक्रवार रात हुआ दर्दनाक हादसा, एक की पहचान हुई, दूसरा अज्ञात
चैनपुर (कैमूर)। चैनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात करीब 9 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। किसान इंटर कॉलेज अवखरा के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पहले एक बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मारी और फिर करीब 10 कदम आगे जाकर एक पैदल चल रहे राहगीर को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार युवक सड़क से गुजर रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान वही वाहन आगे बढ़ते हुए करीब 50 मीटर दूर पैदल जा रहे एक राहगीर को भी धक्का मारते हुए निकल गया।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चैनपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ रेफर कर दिया।
लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई। चिकित्सकों ने सदर अस्पताल पहुंचने पर दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृत बाइक सवार युवक की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के उमापुर गांव निवासी मोहन शाह के पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है। चंदन कुमार की असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
वहीं, हादसे में घायल हुए दूसरे राहगीर की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी हुई है। आसपास के थानों को सूचना भेजी गई है और स्थानीय स्तर पर भी पहचान की कोशिश की जा रही है।
चैनपुर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही रहती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल की व्यवस्था, पुलिस गश्ती बढ़ाने और दोषी वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)




